समाचार सच, नैनीताल। रिपोर्ट- अजय सिंह चौहान
खाद्य पदार्थों में मिलावट, जमाखोरी और कालाबाजारी करने वालों के खिलाफ नैनीताल जिले में प्रशासन ने अभियान तेज कर दिया है। मुख्यमंत्री के निर्देशों के बाद खाद्य सुरक्षा विभाग को विशेष रूप से सक्रिय करते हुए खाद्यान्न, मिठाई, मेवे और दूध-डेयरी उत्पादों की गुणवत्ता पर कड़ी निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं।
जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने बताया कि जिले में मिलावटखोरी, मिसब्रांडिंग और निर्धारित मानकों का उल्लंघन करने वाले प्रतिष्ठानों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत कार्रवाई की जा रही है। प्रशासन का फोकस सिर्फ सैंपल लेने तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि जांच की पूरी प्रक्रिया को उसके अंतिम परिणाम तक पहुंचाया जाएगा।
डीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि जिन प्रतिष्ठानों से खाद्य पदार्थों के नमूने लिए जाते हैं, उन्हें प्रयोगशाला भेजने के बाद रिपोर्ट का नियमित फॉलोअप किया जाए। प्रयोगशाला की रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि मिलावट के मामलों में कार्रवाई केवल कागजी प्रक्रिया बनकर न रह जाए।
मिठाई से लेकर दूध-डेयरी उत्पादों तक निगरानी
अभियान के तहत विशेष रूप से खाद्यान्न, मिठाई, मेवे तथा दूध और डेयरी उत्पादों की जांच पर जोर दिया जा रहा है। प्रशासन का उद्देश्य त्योहारी सीजन और सामान्य दिनों में भी उपभोक्ताओं को गुणवत्तापूर्ण एवं मानक खाद्य सामग्री उपलब्ध कराना है।
जमाखोरी और ओवररेटिंग पर भी शिकंजा
डीएम रयाल ने स्पष्ट किया कि कार्रवाई केवल मिलावटखोरी तक सीमित नहीं रहेगी। जहां जमाखोरी, कालाबाजारी या निर्धारित दर से अधिक कीमत वसूलने (ओवररेटिंग) की शिकायतें मिलेंगी, वहां भी संबंधित लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
जिलाधिकारी ने अपर जिलाधिकारी प्रशासन और सभी उपजिलाधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में निगरानी बढ़ाने और शिकायतों पर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
प्रशासन की इस कार्रवाई से मिलावटखोरी और कालाबाजारी करने वाले कारोबारियों में हड़कंप की स्थिति है। अधिकारियों का कहना है कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440



