-एम्स ऋषिकेश में भर्ती ब्रेन स्ट्रोक से पीड़ित महिला और दो अन्य में मिले कोरोना संक्रमित
-ब्रेन स्ट्रोक से पीड़ित महिला हल्द्वानी के ब्रजलाल, विवेकानंद व बरेली के श्रीराममूर्ति अस्पताल में भी हो चुकी है इलाज के लिये भर्ती
-राज्य में कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या पहुंची 54, जिसमें से ठीक हुए 34
समाचार सच, हल्द्वानी/देहरादून। उत्तराखण्ड में मंगलवार वाला दिन राहत भरा नहीं रहा। जहां आज सुबह अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान ऋषिकेश में भर्ती नैनीताल जनपद की महिला मरीज की कोविड 19 पॉजीटिव आयी, वहीं देर सायं दो नेय पॉजीटिव केस मिले हैं। उत्तराखण्ड में आज 3 केस मिलने से कोरोना संक्रमित मरीजों संख्या 54 पर पहुंच गयी हैं। जिसमें में 34 मरीज ठीक हो गये और राज्यभर में अब कोरोना के सक्रिय केसों की संख्या 20 हैं। उक्त तीनों मामले एम्स ऋषिकेश से हैं। जिनमें एक स्टाफ नर्स, न्यूरोलॉजी विभाग में भर्ती एक महिला और एक अन्य मरीज का तीमारदार शामिल है।
एम्स संस्थान के संकायाध्यक्ष प्रो0 यूबी मिश्रा ने बताया कि जिला नैनीताल के लालकुआं निवासी 56 वर्षीय महिला विगत 22 अप्रैल को एम्स ऋषिकेश में भर्ती हुई थी। जिसे ब्रेन स्ट्रोक की शिकायत थी। उक्त महिला को 2 मार्च को ब्रेन स्ट्रोक हुआ। जिससे सबसे पहले हल्द्वानी के बृजलाल अस्पताल में भर्ती करवाया और 8 मार्च को विवेकानंद अस्पताल में भर्ती करवाया। 19 अप्रैल के बाद उसे वहां से इसे श्रीराम मूर्ति हॉस्पिटल बरेली रेफर किया गया। जहां उक्त महिला 21 अप्रैल तक भर्ती रही और 22 अप्रैल को एम्स ऋषिकेश में भर्ती कराया गया। उन्होंने बताया कि उक्त दोनों अस्पतालों से प्राप्त रिपोर्ट में महिला रोगी का कोविड 19 का टेस्ट भी हुआ था, जिसकी रिपोर्ट नेगेटिव आयी थी। इस महिला को 27 अप्रैल को बुखार आया था, जिसके कारण इसका संस्थान में कोविड 19 का टेस्ट किया गया। जिसकी रिपोर्ट मंगलवार को पॉजीटिव आयी है। जिसके बाद अस्पताल में महिला रोगी को आइसोलेट करने की प्रोसेस शुरू कर दी गयी है।
प्रो0 मिश्रा ने बताया कि महिला के प्राइमरी कांट्रेस्ट में आए लोगों की जांच चल रही है। उन्होंने बताया कि हल्द्वानी के स्वामी विवेकानंद अस्पताल नैनीताल व बरेली राममूर्ति अस्पताल में इस महिला के संपर्क में करीब 50 लोग आए हैं। साथ ही महिला के साथ दो मरीज व सहायक को भी चिन्हित किया गया है। इस बाबत महिला जिन अस्पतालों में भर्ती रही है वहां भी इसकी जांच चल रही है। इस महिला के प्राइमरी व सेकेंड्री कांट्रेक्ट में आये करीब 70 से 80 स्टाफ को कोरोंटाइन करना पड़ेगा। इसके अलावा अस्पताल के ही जनरल सर्जरी वार्ड में तैनात 26 वर्षीय एक स्टाफ नर्स भी कोरोना की पुष्टि हुई है। जबकि एक यूरोलॉजी वार्ड में भर्ती 56 वर्षीय एक महिला मरीज के तीमारदार की रिपोर्ट भी पॉजीटिव आई है।
मंगलवार को यानि आज राज्य स्वास्थ्य सेवाओं के इंटीग्रेटेड डिजीज सर्विलांस प्रोग्राम के हेल्थ बुलेटिन के अनुसार अभी तक लैब में 303 सैंपल की रिपोर्ट मिली है, जिनमें 300 निगेटिव और तीन केस पॉजिटिव हैं। राज्यभर से 5739 लोगों के सैंपल जांच के लिये भेजे जा चुके हैं। जिनमें से 5212 के सैंपल की रिपोर्ट नैगेटिव प्राप्त हुई है, जबकि 284 सैंपल की रिपोर्ट आनी बाकी है।



सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440


