समाचार सच, हल्द्वानी। अब नगर व आस-पास के क्षेत्रों में ऑटो रूट नंबर के आधार पर ही संचालित होंगे। दूसरे रूटों व बिना रूट नंबर के संचालित होने पर कार्यवाही अमल में लाई जाएगी। इसके तहत पुलिस ने ऑटो में रूट नंबर अंकित कर दिये हैं। साथ ही ऑटो चालकों के लिए दिशा-निर्देश भी जारी कर दिए गए हैं। इस व्यवस्था के तहत अब नगर की यातायात व्यवस्था में काफी हद तक सुधार हो पाएगा।
नगर में सवारियां ढ़ोने के लिए संचालित होने वाले ऑटो मनमर्जी कर दूसरे रूटों में भी संचालित हो रहे थे। इसका संज्ञान लेते हुए गत माह 16 मई को परिवहन आयुक्त ने एक पत्र जारी किया था। इसका संज्ञान लेते हुए पुलिस-प्रशासन ने ऑटो का रूट निर्धारित करने का निर्णय लिया। अब पुलिस-प्रशासन ने ऑटो के रूटवार नंबर निर्धारित कर दिया है। इसके तहत अब हल्द्वानी नगर निगम केंद्र से 16 किमी त्रिज्या के अंतर्गत पड़ने वाले मार्ग के लिए एक नंबर निर्धारित किया गया है। इसी तरह कालाढूंगी चौराहे से लामाचौड़ तक 2, कुसुमखेड़ा से लामाचौड़ तक 3, मुखानी चौराहा से पाल कॉलेज तक 4, नवीन मंडी से लालकुआं 4, सरगम सिनेमा से बेलबाबा मंदिर 5, काठगोदाम रेलवे स्टेशन से गौलापार 7, कब्रिस्तान गेट से गौलापार-दानीबंगर 8, मुखानी चौराहा से पनचक्की-हाईडिल गेट-काठगोदाम के लिए 9, लालडांठ से काठगोदाम 10, हल्द्वानी से किच्छा 11 व मेडिकल कॉलेज से रूद्रपुर के लिए 12 नंबर निर्धारित कर दिया गया है। शनिवार से यह व्यवस्था लागू हो गई है। इसके लिए संबंधित थाना-चौकी पुलिस ने अपने-अपने क्षेत्रों में संचालित होने वाले सभी ऑटो में रूट नंबर अंकित कर दिये हैं। साथ ही ऑटो चालकों के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी जारी घ्कर दिये गये हैं। जिसमें ऑटो चालकों से स्पष्ट कहा गया है कि वह अपना रूट छोड़कर दूसरे रूटों में कतई न जाएं। साथ ही ऑटो में रूट नंबर आवश्यक रूप से अंकित कराएं। दूसरे रूट में जाने व बिना रूट के ऑटो संचालन पर कड़ी कार्यवाही अमल में लाई जाएगी।
इधर ऑटो का रूट नंबर निर्धारित होने से नगर की यातायात व्यवस्था में काफी हद तक सुधार हो पाएगा। पूर्व में जिस रूट की सवारी मिले, वहां बेधड़क घुसने की ऑटो चालकों की परंपरा पर अंकुश लगेगा। साथ ही इनकी मनमर्जी से उत्पन्न होने वाली जाम की समस्या से भी निजात मिल पाएगी।

https://www.edumount.org/

सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440


