220.90 मीटर लंबे आधुनिक पुल से बरसात में बंद होने वाली राह अब बनेगी इतिहास, पर्यटन और व्यापार को मिलेगा बड़ा फायदा।
समाचार सच, रामनगर। उत्तराखंड के लिए रविवार का दिन बड़ी सौगात लेकर आया। राष्ट्रीय राजमार्ग-309 पर धनगढ़ी नाले के ऊपर बने 220.90 मीटर लंबे प्रीस्ट्रेस बॉक्स गर्डर पुल का मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने लोकार्पण कर इसे जनता को समर्पित किया। लगभग 29.65 करोड़ रुपये की लागत से तैयार इस बहुप्रतीक्षित पुल के शुरू होने से कुमाऊं और गढ़वाल के बीच आवागमन अब पहले से कहीं अधिक सुरक्षित, तेज और निर्बाध हो जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह पुल केवल दो क्षेत्रों को जोड़ने वाला ढांचा नहीं, बल्कि उत्तराखंड के विकास और मजबूत कनेक्टिविटी की नई पहचान है। उन्होंने बताया कि धनगढ़ी और पनोद पुल बनने से बरसात के दौरान वर्षों से बनी रहने वाली सड़क बाधित होने की समस्या का स्थायी समाधान होगा। इससे स्थानीय लोगों के साथ पर्यटकों, व्यापारियों और आपदा राहत कार्यों को भी बड़ी सुविधा मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने इस परियोजना के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी तथा केंद्रीय राज्य मंत्री अजय टम्टा का आभार जताया। उन्होंने कहा कि सरकार केवल शिलान्यास नहीं, बल्कि समयबद्ध तरीके से परियोजनाओं को धरातल पर उतारने के लिए प्रतिबद्ध है।
गौरतलब है कि इस पुल के निर्माण की शुरुआत वर्ष 2020 में हुई थी। स्थानीय लोगों का कहना है कि परियोजना को गति दिलाने में तत्कालीन राज्यसभा सांसद अनिल बलूनी की भी अहम भूमिका रही। पुल के शुरू होने से अब कुमाऊं और गढ़वाल के बीच सफर आसान होने के साथ पर्यटन, व्यापार और आर्थिक गतिविधियों को भी नई रफ्तार मिलेगी।
लोकार्पण समारोह में प्रमुख रूप में केंद्रीय राज्य मंत्री अजय टम्टा, रामनगर विधायक दीवान सिंह बिष्टए रानीखेत विधायक डॉ. प्रमोद नैनवालए सल्ट विधायक महेश जीनाए भाजपा जिला एवं मंडल कार्यकारिणी के पदाधिकारी बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक एवं जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।



सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440



