समाचार सच, हल्द्वानी। नेता प्रतिपक्ष डॉ इंदिरा हृदयेश सरकार पर निशाना साधने का कोई मौका नहीं चूक रही हैं। कर्मचारियों की वेतन कटौती के बाद अब उन्होंने कोरोना संक्रमणकाल में की गई उपनल कर्मियों की छंटनी पर सरकार को आड़े हाथों लिया है। कहा है कि वर्तमान में जहां एक और आम जनता वैश्विक महामारी कोरोना संक्रमण से जूझ रही है और ऐसे में समस्त कामकाज प्रभावित हुए हैं। वहीं दूसरी ओर सरकारी उपनल कर्मचारियों की छंटनी में लगी हुई है। जिससे कर्मचारियों के समक्ष बेरोजगारी के साथ ही परिवार के भरण-पोषण की समस्या आ खड़ी हुई है। कहा कि संक्रमणकाल में सरकार आम जन को मदद पहुंचाने के बजाय उन्हें बेरोजगार करने पर तुली हुई है। डॉ इंदिरा ने कहा है कि एक ओर सरकार बेरोजगारों को स्वरोजगार से जोड़कर उन्हें रोजगार प्रदान करने की योजनाएं संचालित करने की बात कह रही है, दूसरी ओर पहले ही रोजगार में लगे उपनल कर्मियों को हटा रही है। ऐसे में सरकार नई नौकरियां देने की बात समाचार पत्रों के माध्यम से जनता तक पहुंचा रही है, जो महज भ्रमित करने वाला है। उन्होंने सरकार से मांग की है कि कोरोना संक्रमणकाल में उपनल के जिन कर्मचारियों की छंटनी की गई है या हटाया गया है, उन्हें तत्काल सेवाओं में वापस लिया जाए। साथ ही चेताया है कि यदि सरकार ने ऐसा नहीं किया तो कांग्रेस पार्टी कर्मचारियों के हित के लिए आंदोलन करने को विवश होगी।

सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440


