स्वयं सुरक्षा अभियान ने सौंपी जिला अध्यक्ष (महिला प्रकोष्ठ) की कमान, वीर जवानों और शहीद परिवारों के सम्मान को जन-आंदोलन बनाने का संकल्प
समाचार सच, भवाली।
देशभक्ति, सेना सम्मान और महिला सशक्तिकरण के मिशन को नई गति देने की दिशा में स्वयं सुरक्षा अभियान ने नैनीताल की जानी-मानी समाजसेविका प्रियंका जोशी को जिला अध्यक्ष (महिला प्रकोष्ठ) नियुक्त किया है। संगठन का मानना है कि प्रियंका जोशी की सक्रिय सामाजिक भूमिका, राष्ट्रहित के प्रति समर्पण और महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के प्रयास अभियान को जिले में नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएंगे।
प्रियंका जोशी लंबे समय से भारतीय सेना के वीर जवानों, शहीदों के परिजनों और वीरांगनाओं के सम्मान में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित करती रही हैं। उनकी देशभक्ति से ओत-प्रोत कविताएं युवाओं में राष्ट्रप्रेम और सेना के प्रति सम्मान की भावना जागृत करती हैं। वहीं हस्तशिल्प एवं स्वरोजगार से जुड़ी पहल के माध्यम से उन्होंने कई महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया है।
अभियान की ओर से घर-घर भारत माता, घर-घर सेना सम्मान का संकल्प लिया गया है, जिसके तहत जिले के गांवों और शहरों में राष्ट्रभक्ति, सामाजिक जागरूकता और सेना के सम्मान से जुड़े व्यापक कार्यक्रम चलाए जाएंगे। संगठन के पदाधिकारियों ने विश्वास जताया कि प्रियंका जोशी के नेतृत्व में महिला प्रकोष्ठ समाज के हर वर्ग तक पहुंचेगा और राष्ट्रहित के कार्यों में महिलाओं की भागीदारी को और मजबूत करेगा।
नव नियुक्त जिला अध्यक्ष (महिला प्रकोष्ठ) प्रियंका जोशी ने कहा कि यह केवल एक पद नहीं, बल्कि राष्ट्र सेवा का पवित्र दायित्व है। मेरा प्रयास रहेगा कि नैनीताल जिले की हर महिला भारतीय सेना के सम्मान और राष्ट्र निर्माण के इस अभियान से जुड़े। हम गांव-गांव और घर-घर पहुंचकर देशभक्ति, सामाजिक एकता और महिला सशक्तिकरण का संदेश देंगे। शहीद परिवारों और वीरांगनाओं का सम्मान हमारी सर्वाेच्च प्राथमिकता होगी। आने वाले समय में युवाओं, मातृशक्ति और समाज के प्रत्येक वर्ग को जोड़कर इस अभियान को जन-आंदोलन का स्वरूप दिया जाएगा। राष्ट्र सर्वाेपरि है और उसकी सेवा ही हमारा सबसे बड़ा धर्म है।

सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440



