अब घर बैठे बनवा सकेंगे राशन कार्ड, सरकारी पोर्टल से आसान और तेज प्रक्रिया

खबर शेयर करें

समाचार सच, देहरादून डेस्क: अब राशन कार्ड बनवाने और उसमें संशोधन कराने के लिए लोगों को सरकारी दफ्तरों या दुकानों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। स्मार्ट पीडीएस योजना के तहत यूनिफाइड राशन कार्ड मैनेजमेंट सिस्टम (यूआरसीएमएस) पोर्टल शुरू किया गया है, जिससे नागरिक घर बैठे नया राशन कार्ड बनवाने, नाम जोड़ने या हटाने और अन्य संशोधन आसानी से कर सकेंगे।

सरकार ने पुराने आरसीएमएस पोर्टल को आधुनिक तकनीक और सरल प्रक्रियाओं के साथ अपडेट कर यूआरसीएमएस पोर्टल तैयार किया है। नए पोर्टल के माध्यम से राशन कार्ड से जुड़ी सभी सेवाएं अब पारदर्शी और सुविधाजनक हो गई हैं।

नागरिक सीधे आधिकारिक पोर्टल UK SmartPDS-NIC पर लॉगिन कर आवश्यक दस्तावेज अपलोड कर सकते हैं। नए राशन कार्ड के लिए आधार कार्ड आधारित ओटीपी सत्यापन अनिवार्य है, जबकि पुराने कार्ड में संशोधन के लिए परिवार के मुखिया के पंजीकृत मोबाइल नंबर से लॉगिन करना ज़रूरी होगा।

जिला पूर्ति अधिकारी के.के. अग्रवाल ने बताया कि नई व्यवस्था से नागरिक आसानी से राशन कार्ड बनवा सकते हैं और पुराने कार्ड में आवश्यक संशोधन कर सकते हैं। उन्होंने सभी राशन कार्ड धारकों से अपील की है कि 30 मई से पहले “मेरा ई-केवाईसी” ऐप के जरिए ई-केवाईसी प्रक्रिया पूरी कर लें।

यह भी पढ़ें -   कर्णप्रयाग में NSUI का दबदबा, अध्यक्ष समेत 5 प्रमुख पदों पर जीत

इसके लिए आवश्यक दस्तावेजों में सभी सदस्यों के आधार कार्ड की प्रतिलिपि, पासपोर्ट साइज फोटो, आय प्रमाण पत्र, मुखिया के पैन कार्ड, बिजली बिल, बैंक पासबुक और गैस बुक शामिल हैं। राशन कार्ड को एक दुकान से दूसरी दुकान ट्रांसफर कराने के लिए प्रार्थना पत्र और संबंधित दस्तावेज जमा करने होंगे।

सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -

👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें

👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें

👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें

हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440