समाचार सच, देहरादून। यात्रीगण बदरीनाथ के दर्शन का मन बना रहे हैं तो जरा संभलकर, क्योंकि बरसात में बदरीनाथ हाईवे बेहद खतरनाक बना हुआ है। यहां जगह-जगह पहाड़ों से चट्टान गिर रही है। जिससे यात्रियों को जान-माल का खतरा बना हुआ है। तड़के करीब 06.30 बजे ऋषिकेश-बदरीनाथ हाईवे पर उमा माहेश्वर आश्रम (कर्णप्रयाग) के पास पहाड़ी से भारी चट्टान सड़क पर आ गई। जिससे हाईवे के दोनों तरफ कई वाहन फंस गए। इस दौरान डेढ़ घंटे तक हाईवे पर वाहनों की आवाजाही ठप रही। सूचना पर आलवेदर रोड परियोजना की जेसीबी मशीन मौके पर पहुंची और करीब 08.00 बजे मलबा हटाकर वाहनों की आवाजाही शुरू की गई। बदरीनाथ हाईवे पर इन दिनों कर्णप्रयाग के आसपास सड़क चौड़ीकरण का कार्य किया जा रहा है। कार्य के दौरान सड़क के किनारे पहाड़ी खोदने से बारिश में ऊपरी भाग से चट्टानें धंस रही हैं। वहीं श्रीनगर और आसपास के क्षेत्रों में रात में तेज बारिश हुई है। बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग सकनिधार के समीप भी अवरुद्ध हो गया है। इन दिनों अक्सर बदरीनाथ हाईवे पर लैंड स्लाइड हो रहा है। जिससे कई घंटों के लिए हाईवे बंद हो जा रहा है। बरसात में यहां हर साल ऐसे ही हालात रहते हैं। यहां यात्रियों को जान हथेली पर रखकर रास्ता तय करना पड़ता है। एक ओर दरकते हुए पहाड़ तो दूसरी ओर गहरी खाई, लोगों को बरसात में जान जोखिम में डालकर सफर करना पड़ता है।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440












