डबल इंजन की भाजपा सरकार एक बार पुनः लाने का मन बना चुकी राज्य की जनता : प्रहलाद जोशी

खबर शेयर करें

समाचार सच, देहरादून। केन्द्रीय मंत्री एवं प्रदेश चुनाव प्रभारी प्रहलाद जोशी ने कहा कि प्रधानमंत्री जी की प्रेरणा अनुशार 2025 तक देश में उत्तराखंड का दशक लाने के लिए प्रतिबद्ध हैं। जिसके लिए हम अपनी केंद्र और राज्य सरकारों की उपलब्धियों का लेखा जोखा लेकर जनता के आशीर्वाद के लिए सकारात्मक दृष्टि से चुनावी समर में उतर रहे हैं। हमें पूर्ण विश्वास है कि मोदी के मार्गदर्शन वाली डबल इंजन की भाजपा सरकार एक बार पुनः लाने का मन प्रदेश की महान जनता बना चुकी है, जिस पर मुहर आगामी 14 तारीख को लगना तय है।

रविवार को प्रदेश प्रभारी प्रहलाद जोशी यहां पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने कहा कि आज उत्तराखंड, भगवान श्री बद्री केदार के आशीर्वाद से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में भाजपा सरकार के नेत्रत्व में दिन दूनी रात चौगुनी तरक्की कर रहा है। डबल इंजन की सरकार कैसे काम करती है उसे 2017 से 2022 के दौरान उत्तराखंड में विकास की रफ्तार में महसूस किया जा सकता है। डबल इंजन के तालमेल का ही नतीजा है कि देवभूमि में डेढ़ लाख करोड़ रुपए से भी अधिक लागत की विकास परियोजनाएँ संचालित हो रही हैं। हालांकि राज्य में डबल इंजन सरकार चलाने का मौका कांग्रेस को भी मिला था लेकिन उनके राज्य और केंद्र सरकार के दोनों इंजन विपरीत दिशा में दौड़ते रहे और एक भी बड़ा काम उन्होंने प्रदेशवासियों के लिए नहीं किया।

प्रहलाद जोशी ने कहा कि केदारनाथ आपदा के समय पीएम मोदी के गुजरात सीएम रहते केदार धाम में पुनर्निर्माण कार्यों में हाथ बंटाने के आग्रह को तत्कालीन कांग्रेस सरकारों ने राजनैतिक विद्धेष के चलते ठुकरा दिया था। लेकिन बाबा केदारनाथ ने अपने अनन्य भक्त मोदी जी को ही अपने धाम के पुनर्निर्माण और सौंदर्यीकरण के लिए चुना। केदारपुरी में अब तक लगभग 2500 करोड़ और बद्रीनाथ धाम के लिए 500 करोड़ रुपए की योजनाएँ स्वीकृत हो चुकी हैं।

यह भी पढ़ें -   आज का पंचांग एवं राशिफल (6 अगस्त 2026): अष्टमी व्रत पर बन रहे शुभ संयोग, इन राशियों को मिलेगा धन लाभ और करियर में सफलता

उन्हांेने कांग्रेस पर आरोप लगाते हुए कहा कि देवभूमि की जनता बखूबी जानती है कि चार धाम चार काम का नारा लगाने वाली कांग्रेस पार्टी की सरकार आने पर एक ही काम होता है दाम वसूलना। राज्य में इनकी पार्टी के सबसे बड़े चेहरे, देश के पहले ऐसे सीएम रहे जो मुख्यमंत्री रहते स्टिंग कैमरे पर अपने ही प्रदेश को लूटने का लाइसेन्स देते नज़र आए। यही नेता एक और सीएम रहते किए अपने गलत कामों की माफी मांगते हैं वहीं दूसरी और अपनी पार्टी के साथ विकास का ज्ञान बघार कर जनता को बरगलाने का असफल प्रयास करते है। हमारी सरकार ने प्रदेश में संचालित सभी योजनाएँ ज़ीरो टोलरेंस नीति के तहत सफलतापूर्वक पूरी की हैं। लेकिन कांग्रेस की कमीशन सरकारें तो इस तरह लाखो करोड़ की योजनाओं के बेदाग संचालित होने की कल्पना भी नहीं कर सकती हैं।

भाजपा चुनाव प्रभारी ने तंज़ कसते हुए कहा कि भारतीय राष्ट्रीय कन्फ़्यूजन पार्टी बन गयी है। तभी तो उनके स्वयंभू उत्तराखंड की चाहत और सीएम बनने को उतावले हरीश रावत, पहले चुनाव नहीं लड़ने की बात करते थे, अब चुनाव में तय हार से डरकर एक सीट से दूसरी सीट पर भाग रहे हैं।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस को बताना चाहिए कि दशकों तक भारतीय सैनिकों और सीमा की सुरक्षा के लिए अत्याधिक जरूरी आधुनिक हथियार और साजो-सामान की खरीद क्यूँ नहीं की जबकि प्रत्येक बार संसदीय रक्षा समिति और रक्षा विशेषज्ञ कमेटियों की चेतावनी के बाद भी आधुनिक विमान, बख्तरबंद गाडियाँ, बुलेटप्रूफ जैकेट तो दूर अत्याधिक जरूरी गोला बारूद तक प्रायप्त मात्र में नहीं खरीदा गया। उनका कहना था कि कांग्रेस को बताना होगा कि क्यूँ उनकी सरकारों के समय सीमा पर अपनी जान हथेली पर रखकर सीमाओं की सुरक्षा करने वाले जांबाजों के हाथ ही बांधे हुए थे। उन्हे देश के दुश्मनों के हमलों का जबाब देने के लिए भी दिल्ली से अनुमति का इंतजार करना पड़ता था। यूपीए सरकार का वो दौर भी सबने देखा जब सीमा पर कायरतापूर्वक भारतीय जवानों की हत्या के आरोपी पाक सैनिकों को संसद में पहुँचते ही आतंकी बता डाला जाता था।

यह भी पढ़ें -   जंगलों में फलों की बहार से बचेंगे वन्यजीव! हल्द्वानी में 51 फलदार पौधों और 451 आम के बीजों का अनूठा अभियान

उन्होंने यह भी बताया कि उत्तराखंड की राष्ट्रवादी जनता कभी नहीं भूल सकती है सेना का वह अपमान जिसमें इनके सांसद ने दिवंगत सीडीएस और देवभूमि के गौरव जनरल विपिन रावत गली का गुंडा कहा, किसी पूर्व मुख्यमंत्री ने आतंकवादियों को शहीद और वीर जवानों को हत्यारा बताया तो किसी मुख्यमंत्री ने सर्जिकल स्ट्राइक के शौर्य के सबूत मांगे। इनके एक स्टार प्रचारक और जेएनयू राष्ट्रविरोधी नारेबाजी फेम कन्हेय्या कुमार ने तो सेना के अपमान की सभी हदे पार करते हुए उन्हे बलात्कारी तक कह डाला था।

प्रहलाद जोशी ने बताया कि प्रदेश की भाजपा सरकार ने कोरोना महामारी में बेहतर कार्य और शत प्रतिशत टीकाकरण करते हुए लोगों की जान बचाने का कार्य किया है। केंद्र की अटल आयुष्मान योजना के दायरे में राज्यवासी को लाकर सबकी सेहत की चिंता करने का प्रशंसनीय कार्य किया है। पर्यटन के क्षेत्र में अनेक योजनाओं के साथ होम स्टे योजना लागू कर घर-घर तक पर्यटकों को पहुंचाने का कार्य किया है। संपत्ति में प्रदेश की आधी आबादी, महिलाओं को पूरा अधिकार दिलाया। केंद्र की मदद से राज्य सरकार ने सड़क, रेल और हवाई मार्गों का जाल बिछाकर आधारभूत ढांचा मजबूत करते हुए प्रदेश को आज आर्थिक विकास के हाइवे पर पहुंचा दिया है।

पत्रकार वार्ता में भाजपा राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी अनिल बलूनी, प्रदेश महामंत्री राजेन्द्र भंडारी, कुलदीप कुमार, पार्टी प्रदेश प्रवक्ता सुरेश जोशी, प्रदेश उपाध्यक्ष डा॰ देवेंद्र भसीन, बलराज पासी, प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान, बद्रीकेदार मंदिर समिति के अध्यक्ष अजयेन्द्र अजय, श्रीमति मधु भट्ट, शेखर वर्मा, राजीव तलवार, हरीश चमोली आदि लोग उपस्थित रहे।

ADVERTISEMENTSAd

सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -

👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें

👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें

👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें

हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440