समाचार सच, देहरादून। नगर कोतवाली पुलिस ने महिलाओं से गहने ठगने वाले शातिर को नौ महीने बाद गिरफ्तार कर लिया है। ठग ने पांच सितंबर 2020 को करनपुर निवासी एक महिला से गहने ठगे थे। पुलिस को सीसीटीवी फुटेज की मदद से यह सफलता मिली। कोतवाल रितेश शाह ने बताया कि करनपुर निवासी शहनाज अंसारी ने 30 जनवरी को तहरीर दी थी कि पांच सितंबर 2020 को वह सामान खरीदने के लिए सब्जी मंडी मोती बाजार गई थीं। दो व्यक्ति उन्हें धोखे से अपने साथ झंडा बाजार ले गए और गहने उतरवाकर ले गए। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपितों की तलाश शुरू की। इसी बीच बुजुर्ग सरोज जैन निवासी मोती बाजार ने बीते रविवार को तहरीर दी कि चार जून को जब वह सुबह के समय बाजार सामान लेने गई थीं तो दर्शनी गेट के पास एक आदमी ने धोखे से उनकी सोने की चेन व अंगूठी उतरवा ली और फरार हो गया। कोतवाल ने बताया कि आरोपितों की तलाश के लिए दोनों घटनास्थल के आसपास लगे करीब 200 से अधिक सीसीटीवी कैमरों का निरीक्षण किया गया। सीसीटीवी में दो संदिग्ध व्यक्ति दिखे। पुलिस ने दोनों संदिग्धों की फोटो सभी थानों व चौकियों में भेजी। सूचना मिली कि सीसीटीवी में दिखा एक संदिग्ध रेलवे स्टेशन के आसपास घूम रहा है। पुलिस टीम ने आरोपित को हिरासत में ले लिया। आरोपित की पहचान मोहन निवासी रघुवीर नगर, दिल्ली के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपित ने बताया कि उसने अपने दोस्त रोहित उर्फ रोशी निवासी रघुवीर नगर, दिल्ली के साथ मिलकर पांच सितंबर को महिला से ठगी की थी। चार जून को मोहन ने अकेले ठगी की घटना को अंजाम दिया था। पुलिस रोहित की तलाश में जुटी है।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440



