समाचार सच, हल्द्वानी। महानगर में नशे का कारोबार अपने पांव पसार रहा है। मादक पदार्थ बाहरी शहरों से बेखौफ होकर नगर तक पहुंचाए जा रहे हैं। पुलिस आये दिन नशे के सौदागर को गिरफ्तार कर रही है, लेकिन इस अवैध कारोबार पर अंकुश नहीं लग पा रहा है। बुधवार की देर रात को चैकिंग के दौरान पुलिस ने एक और स्मैक तस्कर को गिरफ्तार किया है। मंडी चौकी पुलिस ने एक स्कूटी को जांच के लिए रोका तो उसमें से स्मैक बरामद हुई। बरामद स्मैक की मात्रा 6.90 ग्राम बताई जा रही है। पुलिस ने स्कूटी चालक गौरव चंद्र जोशी पुत्र कमलेश कुमार जोशी निवासी बाईपास रोड, पांडे खोला, अल्मोड़ा को गिरफ्तार किया है।
पूछताछ के दौरान पुलिस को स्मैक तस्कर ने बताया कि वह बाहरी शहरों से स्मैक लाकर यहां महंगे दामों में बेचने का कार्य करते हैं। इस कारोबार में वह लंबे समय से सक्रिय है। उसने पुलिस को इस कारोबार से जुड़ी कुछ अहम जानकारियां भी दी हैं। जिनके आधार पर पुलिस अन्य तस्करों की भी जल्द गिरफ्तारी का दावा कर रही है। पुलिस ने स्मैक तस्करी में प्रयुक्त स्कूटी को सीज कर दिया है। जबकि पकड़े गये तस्कर के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्यवाही कर न्यायालय में पेश किया गया है।
सफलता प्राप्त करने वाली टीम में चौकी प्रभारी मुनव्वर हुसैन, एसआई दिलबर सिंह भंडारी, कांस्टेबल इसरार अहमद, अर्जुन फर्त्याल, सुरेंद्र आदि शामिल रहे।

सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440


