समाचार सच, हल्द्वानी। नगर में कोरोना का ग्राफ लगातार बढ़ रहा है। बेस के बाद अब महिला चिकित्सालय में भी कोरोना ने दस्तक दे दी है। यहां रेडियोलॉजिस्ट संक्रमित पाया गया है। कुमाऊं मण्डल विकास निगम कॉम्लेक्स में स्थित मंगल पड़ाव शाखा एसबीआई के कर्मी की जांच रिपोर्ट पॉजटिव आयी है। इससे दोनों जगह हड़कंप मचा हुआ है। संपर्क में आए लोगों की सैंपलिंग की जा रही है। वहीं संक्रमण के चलते एसबीआई की मंगल पड़ाव शाखा को बंद कर दिया गया है। सेनिटाईजनिंग व स्क्रीनिंग का कार्य जारी है।
नगर में कोरोना संक्रमण के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं। सोबन सिंह जीना बेस चिकित्सालय की पैथोलॉजी लैब के 12 कर्मियों के संक्रमित मिलने से जहां लैब बंद है और संपर्क में आने वालों को ट्रेस किया जा रहा है। वहीं महिला चिकित्सालय के रेडियोलॉजिस्ट के कोरोना संक्रमित पाए जाने से स्वास्थ्य महकमे व प्रशासन की चिंताएं बढ़ गई हैं। रेडियोलॉजिस्ट के साथ ही परिवारजनों को क्वारंटीन किया गया है। जबकि अस्पताल में संपर्क में आए चिकित्सकों व कर्मियों को चिन्हित किया जा रहा है। रात में ही 24 लोगों के सेँपल जांच के लिए भेजे गये। इन सभी को क्वारेंटीन किया गया है। प्रशासनिक, स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने अस्पताल की व्यवस्थाओं के संबंध में अस्पताल प्रबंधन से मंत्रणा की है। अस्पताल परिसर को सेनिटाईज किया गया है। बहरहाल रेडियो लॉजिस्ट के संपर्क में आने वालों को चिन्हित करने का कार्य किया जा रहा है।
वहीं भारतीय स्टेट बैंक की के कुमाऊं मण्डल विकास निगम कॉम्लेक्स में स्थित मंगल पड़ाव शाखा के एक कर्मचारी का भी कोरोना संक्रमित होना पाया गया है। इसके बाद बैंक को सुरक्षा की दृष्टि से अग्रिम आदेशों तक बंद कर दिया गया है। जबकि बैंक स्टाफ की सैंपलिंग की गई है। ऐहतियातन स्टाफ को क्वारेंटीन कर दिया गया है। साथ ही बैंक कर्मियों के संपर्क में आने वालों को चिन्हित करने का कार्य तेज कर दिया गया है। इधर नगर में बढ़ते कोरोना संक्रमण के बीच बचाव व रोकथाम के उपायों के संबंध में जब सिटी मजिस्ट्रेट व उपजिलाधिकारी से दूरभाष पर संपर्क स्थापित करने का प्रयास किया गया तो फोन रिसीव नहीं हुआ।

सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440


