उत्तराखंड में रेल क्रांति को रफ्तार: सीएम धामी के नेतृत्व में स्टेशन से सुरंग तक बदलेगा प्रदेश का नक्शा

खबर शेयर करें

समाचार सच, देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से बीते गुरुवार को मुख्यमंत्री आवास में डीआरएम मुरादाबाद विनिता श्रीवास्तव ने शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान उत्तराखंड में रेल नेटवर्क को मजबूत करने, पूरी हो चुकी और निर्माणाधीन परियोजनाओं तथा भविष्य की जरूरतों को लेकर विस्तृत चर्चा हुई।

डीआरएम विनिता श्रीवास्तव ने मुख्यमंत्री को बताया कि राज्य में कई अहम रेल परियोजनाएँ सफलतापूर्वक पूरी की जा चुकी हैं। रुड़की–देवबंद (27.45 किमी) नई रेलवे लाइन का कमीशनिंग हो चुका है, जिसके तहत बनहेड़ा खास और झबरेड़ा में नए रेलवे स्टेशन तैयार किए गए हैं। साथ ही लक्सर–हरिद्वार रेल खंड पर ट्रेनों की गति 110 किमी प्रति घंटा तक बढ़ा दी गई है, जबकि सहारनपुर–हरिद्वार खंड पर भी गति बढ़ाने का प्रस्ताव तैयार किया गया है। 130 किमी प्रति घंटा की रफ्तार के लिए डीपीआर स्वीकृत हो चुकी है और भविष्य में 160 किमी प्रति घंटा की गति के लिए मार्गों की पहचान कर ली गई है।

रेलवे क्रॉसिंग की सुरक्षा को लेकर भी बड़ी उपलब्धियाँ सामने आई हैं। लक्सर, लंढौरा–धनौरा, रुड़की, चोड़ीआला और ऐथल जैसे स्थानों पर आरओबी, आरयूबी और एलएचएस के कार्य पूरे हो चुके हैं, जिससे दुर्घटनाओं में कमी और यातायात जाम से राहत मिली है।

डीआरएम ने जानकारी दी कि हर्रावाला, रुड़की और कोटद्वार रेलवे स्टेशन को अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत आधुनिक रूप दिया जा रहा है। इन स्टेशनों पर नए भवन, एसी वेटिंग हॉल, फूड कोर्ट, दिव्यांगजन-अनुकूल सुविधाएँ, ऊँचे और सुरक्षित प्लेटफार्म, चौड़े फुट ओवर ब्रिज, बेहतर पार्किंग और आधुनिक सर्कुलेटिंग एरिया विकसित किए जा रहे हैं।

इसके अलावा हरिद्वार और देहरादून रेलवे स्टेशनों को विश्वस्तरीय सुविधाओं के साथ आइकॉनिक टर्मिनल के रूप में विकसित करने की योजना है, जिसमें आगमन-प्रस्थान को अलग करने और बाहरी ट्रैफिक व्यवस्था को बेहतर बनाने पर खास जोर दिया जाएगा।

योग नगरी ऋषिकेश से कर्णप्रयाग को जोड़ने वाली 125.20 किमी लंबी नई रेलवे लाइन परियोजना पर भी तेज़ी से काम चल रहा है। इस महत्वाकांक्षी परियोजना में 12 स्टेशन, 35 पुल और 17 सुरंगें शामिल हैं, जिनमें प्रमुख सुरंगों का कार्य लगभग 94 प्रतिशत पूरा हो चुका है।

यह भी पढ़ें -   जयपुर में धरने के दौरान Cockroach Janata Party के संस्थापक अभिजीत दीपके को मारा थप्पड़, चार युवक हिरासत में

माल ढुलाई को बढ़ावा देने के लिए पत्री में एकीकृत माल टर्मिनल विकसित किया जा रहा है, वहीं पत्री और ज्वालापुर स्टेशनों को एलएमवी लोडिंग के लिए उन्नत किया जा रहा है।

बैठक में मुख्यमंत्री ने इकबालपुर आरओबी, धनौरा आरओबी और लक्सर एलएचएस जैसे लंबित मामलों पर राज्य सरकार और रेलवे के बीच बेहतर समन्वय बनाकर शीघ्र समाधान के निर्देश दिए। उन्होंने हरिद्वार–देहरादून रेल खंड की क्षमता वृद्धि योजना की समीक्षा करते हुए बताया कि हर्रावाला में 24-कोच ट्रेनों की हैंडलिंग क्षमता विकसित की जा रही है और इस परियोजना में वन्यजीव संरक्षण को ध्यान में रखते हुए वाइल्डलाइफ इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया के सहयोग से विशेष योजना तैयार की जा रही है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने टनकपुर रेलवे स्टेशन के पुनर्विकास को गति देने और आगामी अर्द्धकुंभ को देखते हुए रेल एवं यात्री सुविधाओं से जुड़ी सभी तैयारियाँ समयबद्ध रूप से पूरी करने के निर्देश दिए, ताकि श्रद्धालुओं और यात्रियों को बेहतर, सुरक्षित और आधुनिक सुविधाएँ मिल सकें।

Ad AdAd Ad Ad Ad AdAd Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad

सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -

👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें

👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें

👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें

हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440