समाचार सच, देहरादून।
उत्तराखंड में मानसून की बारिश का दौर अभी थमने वाला नहीं है। मौसम विभाग ने अगले सात दिनों का पूर्वानुमान जारी करते हुए 26 अगस्त से 1 सितंबर तक प्रदेश में बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना जताई है। इस दौरान कई जिलों में भारी बारिश के साथ कहीं-कहीं तेज से बहुत तेज बारिश के दौर देखने को मिल सकते हैं। मौसम विभाग ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है।
आज कई जिलों में भारी बारिश की चेतावनी
मौसम विभाग के अनुसार बुधवार 26 अगस्त को उत्तराखंड के सभी जिलों में बारिश होने की संभावना है। देहरादून, पिथौरागढ़, ऊधमसिंह नगर और बागेश्वर में कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है।
वहीं प्रदेश के अन्य जिलों में गरज-चमक और आकाशीय बिजली के साथ बारिश के तेज से अति तेज दौर देखने को मिल सकते हैं।
27 अगस्त को पर्वतीय जिलों में तेज बारिश
गुरुवार 27 अगस्त को पर्वतीय जिलों में मौसम ज्यादा सक्रिय रहने की संभावना है। इन क्षेत्रों में गरज और बिजली चमकने के साथ तेज से बहुत तेज बारिश के दौर हो सकते हैं। पर्वतीय जिलों में अनेक स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश भी होने का अनुमान है। हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।
रक्षाबंधन पर भी बारिश के आसार
शुक्रवार 28 अगस्त, रक्षाबंधन के दिन भी उत्तराखंड में मौसम खराब रहने की संभावना है। पर्वतीय जिलों में अनेक स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है, जबकि हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर जैसे मैदानी जिलों में भी कुछ स्थानों पर बारिश होने का अनुमान है।
29 अगस्त को भी बरसेंगे बादल
शनिवार 29 अगस्त को पर्वतीय जिलों के साथ ऊधमसिंह नगर में अनेक स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। हरिद्वार में भी कुछ स्थानों पर बारिश की संभावना जताई गई है।
30 और 31 अगस्त को इन जिलों में भारी बारिश
अगस्त का आखिरी सप्ताह भी बारिश के साथ गुजरने वाला है। 30 अगस्त को प्रदेश के सभी जिलों में अनेक स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश का अनुमान है। इस दौरान देहरादून, पिथौरागढ़, चमोली, नैनीताल, ऊधमसिंह नगर और बागेश्वर में कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है।
31 अगस्त को भी प्रदेश में बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है।
सितंबर की शुरुआत भी बारिश के साथ
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक 1 सितंबर को भी उत्तराखंड के सभी जिलों में अनेक स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। यानी सितंबर की शुरुआत भी प्रदेश में बरसात के साथ होगी।
लगातार बारिश को देखते हुए पर्वतीय क्षेत्रों में भूस्खलन, सड़क अवरुद्ध होने और नदी-नालों के जलस्तर बढ़ने का खतरा बना रह सकता है। ऐसे में मौसम खराब होने पर अनावश्यक यात्रा से बचने और स्थानीय प्रशासन एवं मौसम विभाग की चेतावनियों का पालन करने की सलाह दी गई है।

सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440



