पुलिस ने कुछ घंटों में आरोपी को दबोचा, हत्या में इस्तेमाल चाकू और लोहे का घन बरामद, मां और दादी का अस्पताल में इलाज जारी, गांव में अब भी गम और आक्रोश।
समाचार सच, रानीखेत (अल्मोड़ा)। रानीखेत के ऐना गांव में हुई सनसनीखेज हत्या की गुत्थी पुलिस ने कुछ ही घंटों में सुलझा ली है। पुलिस ने मुख्य आरोपी जगत सिंह बोरा को गिरफ्तार कर पूछताछ की तो सामने आया कि करीब दो महीने पहले एक शादी समारोह में हुई मामूली कहासुनी ने खूनी रूप ले लिया। उसी रंजिश को दिल में रखकर आरोपी ने सागर सिंह की हत्या कर दी और बीच-बचाव में आई उसकी मां व दादी पर भी जानलेवा हमला कर दिया।
पुलिस के मुताबिक, शुक्रवार देर शाम मजखाली चौकी क्षेत्र के ऐना गांव से सूचना मिली कि एक युवक की हत्या कर दी गई है, जबकि दो महिलाएं गंभीर रूप से घायल हैं। सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए।
मृतक के फुफेरे भाई नीरज बोरा की तहरीर पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 103 और 109 के तहत मुकदमा दर्ज किया। शिकायत में बताया गया कि आरोपी जगत सिंह बोरा ने सागर सिंह के गले पर चाकू से हमला कर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद सागर की मां जानकी देवी और दादी शोभा (साबुली) देवी पर लोहे के घन और धारदार हथियार से हमला कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया। दोनों महिलाओं का अस्पताल में उपचार जारी है।
घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी के निर्देश पर कई पुलिस टीमें गठित की गईं। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक भुवन चंद्र जोशी के नेतृत्व में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए नामजद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। उसकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त चाकू और लोहे का घन भी बरामद कर लिया गया।
पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि लगभग दो महीने पहले एक शादी समारोह में उसके दोस्त और मृतक पक्ष के बीच विवाद हुआ था। उसी घटना के बाद दोनों पक्षों के बीच मनमुटाव बढ़ गया और उसने बदला लेने की नीयत से इस वारदात को अंजाम दिया।
इधर, हत्या की खबर फैलते ही ऐना गांव में भारी आक्रोश फैल गया। ग्रामीणों ने पुलिस कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए मृतक का शव करीब पांच घंटे तक नहीं उठने दिया और कोतवाली परिसर में प्रदर्शन किया। बाद में वरिष्ठ अधिकारियों के आश्वासन के बाद परिजन और ग्रामीण शांत हुए, जिसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा सका।
पुलिस का कहना है कि मामले की सभी पहलुओं से जांच जारी है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।



सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440



