कोरोना जांच ना होने से इस अस्पताल के भर्ती मरीजों के तिमारदारों में आक्रोश

खबर शेयर करें

समाचार सच, हल्द्वानी। कोरोना पॉजिटिव बुजुर्ग की मौत के बाद सील किए गए नीलकंठ के अस्पताल में भर्ती मरीजों व तीमारदारों का सब्र बुधवार को जवाब दे गया। आक्रोशित तीमरदारों ने प्रशासन पर आरोप लगाया है कि चार दिन बीत जाने के बाद भी उनकी स्क्रीनिंग व कोरोना जांच नहीं कराई गई है। इस दौरान मरीजों के तिमारदारों ने अस्पताल के बाहर आक्रोश भी जताया। बाद में सूचना पर पहुंची पुलिस के आश्वासन पर यह लोग शांत हुए।
गौरतलब है कि बीती 28 जून को नगर के निजी अस्पताल में भर्ती कोरोना पॉजिटिव बुजुर्ग की बीते दिनों मौत हो गई थी। इसके बाद अस्पताल को सील कर दिया गया था। जबकि अस्पताल में भर्ती मरीजों का उपचार चल रहा है। इनके तीमारदार भी अस्पताल में बंद हैं। इधर बुजुर्ग की मौत के चौथे दिन बुधवार तक अस्पताल में भर्ती मरीजों के अलावा उनके तीमारदारों का सब्र जवाब दे गया। वह अस्पताल के गेट पर एकत्र हुए और आक्रोश जताने लगे। आरोप था कि अब तक प्रशासन ने न तो मरीजों व तीमारदारों की स्कीनिंग की गई है और न ही उनकी कोरोना जांच ही कराई गई है। यहां तक कि उनकी सुध तक नहीं ली जा रही है। उन्हें कड़ी निगरानी में रखा गया है। बावजूद इसके उनके भोजन तक का प्रबंध प्रशासन ने नहीं किया है। जिसके चलते वह महंगे दामों में टिफिन मंगाकर पेट भरने को विवश हो गये हैं।
इधर सील अस्पताल के बाहर मरीजों व तीमारदारों के प्रदर्शन की सूचना से पुलिस-प्रशासन में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में एसपीसिटी अमित श्रीवास्तव, सीओ शांतनु पारासर, कोतवाल संजय कुमार वहां पहुंचे और तीमारदारों व मरीजों से वार्ता की। इस दौरान मरीजों व तीमारदारों का कहना था कि उन्हें अस्पताल में कई-कई दिन बीत चुके हैं। कई मरीज पूर्णतया स्वस्थ्य भी हो चुके हैं। बावजूद इसके उन्हें घर जाने की अनुमति नहीं दी जा रही है। जबकि अस्पताल प्रशासन उनसे इलाज का पैसा भी जमा करा चुका है। उन्होंने पुलिस से तत्काल घर भेजने की मांग की। इस पर पुलिस अधिकारियों ने उन्हें आश्वासन दिया कि सभी का स्कीनिंग व कोरोना जांच तत्काल कराने का प्रबंध किया जा रहा है। कोरोना सैंपलों की रिपोर्ट आने के बाद उन्हें घर भेजा जा सकता है।

ADVERTISEMENTSAd

सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -

👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें

👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें

👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें

हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440