रोडवेज कर्मचारी जायेंगे 9 की मध्य रात्रि से बेमियादी हड़ताल पर, जाने क्या है मांग

खबर शेयर करें

निगम प्रबंधन पर दोहरा मापदंड अपनाने का आरोप

समाचार सच, हल्द्वानी। उत्तरांचल रोडवेज कर्मचारी यूनियन ने निगम प्रबंधन पर दोहरा मापदंड अपनाने का आरोप लगाया है। निगम प्रबंधन के विभिन्न श्रेणी कर्मियों को पूरा वेतन न देने के फरमान से कर्मियों के तेवर तल्ख हो गए हैं। आक्रोशित कर्मियों ने नौ सितम्बर की मध्य रात्रि से बेमियादी हड़ताल का मन बना लिया है। इस निर्णय से निगम प्रबंधन को भी अवगत करा दिया गया है। उत्तराखंड परिवहन निगम पर दोहरा मापदंड अपनाने व कर्मचारियों की विभिन्न मांगों को लेकर उत्तरांचल रोडवेज कर्मचारी यूनियन ने यहां एक बैठक आयोजित की। जिसमें निगम प्रबंधन के खिलाफ जमकर आक्रोश जताया गया और नारेबाजी भी की गई। आरोप लगाया कि प्रबंधन निगम कर्मचारियों के साथ दोहरा मापदंड अपना रहा है। खासतौर पर प्रबंधन संविदा, विशेष श्रेणी, एजेंसी चालक, परिचालक एवं तकनीकी संवर्ग के कर्मचारियों के हितों पर कुठाराघात कर रहा है। कहा गया कि हाल ही में मुख्यालय से जारी आदेश में संविदा, विशेष श्रेणी, एजेंसी चालक ,परिचालक एवं तकनीकी कर्मचारियों को पूरा वेतन न देने की बात कही गई है। यूनियन के क्षेत्रीय अध्यक्ष एलडी पालीवाल का कहना है कि हाईकोर्ट ने 10 जनवरी 2017 के अपने आदेश में परिवहन निगम प्रबंधन को ये आदेश दिए थे कि रोडवेज में समान कार्य, समान वेतन का फार्मूला लागू किया जाए, लेकिन ऐसा नहीं किया जा रहा है। इसी बात को लेकर रोडवेज कर्मचारी यूनियन ने निगम मुख्यालय के अधिकारियों से संविदा, विशेष श्रेणी, एजेंसी कर्मचारियों के वेतन पर बात की मगर सकारात्मक परिणाम न निकलने और निगम प्रबंधन के अपने रुख पर अड़े रहने के कारण उत्तरांचल रोडवेज कर्मचारी यूनियन ने 9 सितम्बर से बेमियादी हड़ताल पर जाने का निर्णय लिया है। इसके अतिरिक्त उत्तरांचल रोडवेज कर्मचारी यूनियन के मांग पत्र में सेवानिवृत कार्मिकों के लंबित देयकों का भुगतान , देहरादून आईएसबीटी का स्वामित्व रोडवेज को दिया जाए, ट्रांसपोर्ट नगर में कार्यशाला का अति शीघ्र निर्माण किया जाए,सभी कार्मिकों से पद के अनुरूप कार्य लिया जाए, 25 अगस्त को अपर मुख्य सचिव से हुई वार्ता में बनी सहमति को लागू किया जाए, शामिल है। बेमियादी हड़ताल को लेकर उत्तरांचल रोडवेज कर्मचारी यूनियन के प्रांतीय नेतृत्व ने देहरादून में एक आपात बैठक कर समूचे की डिपो शाखाओं को अपने निर्णय से अवगत करा दिया गया है। प्रांतीय नोटिस के आधार पर कुमाऊं मंडल के प्रत्येक डिपो के सदस्य आंदोलन में प्रतिभाग करते हुए 10 सितंबर से हल्द्वानी बस स्टेशन में उपवास अनशन प्रारंभ किया जाएगा। शाखा अध्यक्ष जावेद अली ने कहा कि भवाली डिपो में भी सभी कर्मचारी सामूहिक अवकाश पर रहकर निगम के तुगलकी फरमान का पुरजोर विरोध करेंगे।

इस मौके पर नरेश पाल, मोहन ओसवाल, जीवन सिंह, पंकज जोशी, अरुण सिंह, मोहम्मद हसमत, जीवन लाल, प्रेम कुमार, विपिन चंद्र, दीप चंद, बीके राय, दिनेश बिष्ट, प्रताप सिंह, हरिशंकर आदि मौजूद थे।

ADVERTISEMENTS
यह भी पढ़ें -   हल्द्वानी में नाबालिग को बहला-फुसलाकर ले जाने वाले दो आरोपी गिरफ्तार, पोक्सो एक्ट समेत गंभीर धाराओं में मुकदमा
Ad

सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -

👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें

👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें

👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें

हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440