समाचार सच, हल्द्वानी। रिपोर्ट -सुश्री नीरू भल्ला
समाज सेवा और महिला सशक्तिकरण की दिशा में निरंतर कार्य कर रहे सखी सहेली ग्रुप ने रविवार को हल्द्वानी में निःशुल्क नेत्र एवं फिजियोथेरेपी स्वास्थ्य शिविर का आयोजन कर मानव सेवा का अनुकरणीय उदाहरण प्रस्तुत किया। शिविर में महिलाओं, पुरुषों और बच्चों सहित 100 से अधिक लोगों ने स्वास्थ्य जांच का लाभ उठाया। वहीं हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 12 मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथियों एवं ग्रुप पदाधिकारियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इसके बाद स्वास्थ्य शिविर में विशेषज्ञ चिकित्सकों ने लोगों की जांच कर आवश्यक परामर्श दिया।
फिजियोथैरेपिस्ट डॉ. अमृता पांडे ने वर्तमान समय में तेजी से बढ़ रही स्लिप डिस्क, सर्वाइकल, जोड़ों के दर्द, विटामिन-डी एवं विटामिन-बी12 की कमी तथा गलत खान-पान और बदलती जीवनशैली से होने वाली समस्याओं पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि समय रहते सही उपचार, नियमित व्यायाम और संतुलित जीवनशैली अपनाकर इन बीमारियों से काफी हद तक बचा जा सकता है।
वहीं नेत्र विशेषज्ञ डॉ. नीरज वार्ष्णेय ने शिविर में आए लोगों की आंखों की जांच की और आंखों की रोशनी सुरक्षित रखने के लिए नियमित परीक्षण, संतुलित आहार तथा स्क्रीन टाइम कम करने की सलाह दी।
कार्यक्रम के दौरान हाईस्कूल और इंटरमीडिएट में उत्कृष्ट अंक प्राप्त करने वाले 12 मेधावी छात्र-छात्राओं को स्मृति चिन्ह और सम्मान देकर उनकी उपलब्धियों का उत्साहवर्धन किया गया।
अध्यक्ष सुमन वार्ष्णेय ने कहा कि सखी सहेली ग्रुप की अध्यक्ष सुमन वार्ष्णेय ने कहा कि समाज सेवा केवल एक दायित्व नहीं, बल्कि हमारी संस्कृति का हिस्सा है। हमारा प्रयास है कि स्वास्थ्य, शिक्षा और महिला सशक्तिकरण के माध्यम से समाज के हर वर्ग तक सकारात्मक बदलाव पहुंचाया जाए। आने वाले समय में भी ग्रुप इसी प्रकार जनहित के कार्यक्रम आयोजित करता रहेगा।
ग्रुप की महामंत्री खुशबू जायसवाल ने कहा कि महिलाओं को आत्मनिर्भर और जागरूक बनाना सखी सहेली ग्रुप का प्रमुख उद्देश्य है। स्वास्थ्य जागरूकता और मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान समाज में सकारात्मक सोच को बढ़ावा देता है। हम भविष्य में भी ऐसे सामाजिक कार्यक्रम लगातार आयोजित करेंगे।
अतिथि प्रमोद भट्ट ने सखी सहेली ग्रुप के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि आज के दौर में सामाजिक संगठनों द्वारा स्वास्थ्य और शिक्षा के क्षेत्र में किए जा रहे ऐसे प्रयास बेहद प्रेरणादायक हैं। सखी सहेली ग्रुप ने समाज सेवा को नई दिशा देने का कार्य किया है।
अतिथि पंडित गणेश जोशी ने कहा कि जरूरतमंदों की सेवा सबसे बड़ा पुण्य है। सखी सहेली ग्रुप जिस समर्पण के साथ समाजहित में कार्य कर रहा है, वह अन्य संस्थाओं के लिए भी प्रेरणास्रोत है। स्वास्थ्य शिविर और मेधावी छात्रों का सम्मान एक सराहनीय पहल है।
इस अवसर पर कोषाध्यक्ष मन्ना परगांई, अनूप वार्ष्णेय, संदीप गुप्ता, अमित पांडे, राहुल वार्ष्णेय सहित ग्रुप की सभी सदस्याएं एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन समाज सेवा के संकल्प के साथ हुआ।

सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440



