रविवार सुबह 80 वर्षीय बुजुर्ग की मौत, कोविड की गाइडलाइन के अनुसार किया जाएगा अंतिम संस्कार
समाचार सच, देहरादून। उत्तराखंड में कोरोना संक्रमण का कहर कम होने का नाम ही नहीं ले रहा। देहरादून में 24 घंटे के अंदर दूसरे कोरोना संक्रमित मरीज की मौत हो गई है। वहीं, प्रदेश में अब तक 13 संक्रमित मरीजों की जान जा चुकी है। रविवार को देहरादून में जिले में कोरना संक्रमित एक और बुजुर्ग की मौत हो गई है। शव को दून अस्पताल की मोर्चरी में रखा गया है। उत्तराखंड में शनिवार को कोरोना के 91 नए मामले सामने आए हैं। देहरादून में एक निजी अस्पताल की चार स्टाफ नर्स समेत 12 लोग संक्रमित मिले हैं। हरिद्वार में 21, पिथौरागढ़ में 16, टिहरी में नौ, चमोली व चंपावत में छह-छह, अल्मोड़ा व बागेश्वर में चार-चार, नैनीताल में सात, ऊधमसिंहनगर में पांच, उत्तरकाशी में कोरोना का एक नया मामला आया है।
देर रात को दून अस्पताल में भर्ती कोरोना पॉजीटिव आढ़ती की मौत के बाद रविवार सुबह एक 80 वर्षीय बुजुर्ग की मौत हो गई। कोरोना के स्टेट को-ऑर्डिनेटर एवं राजकीय दून मेडिकल अस्पताल के डिप्टी एमएस डॉ. एनएस खत्री ने इसकी पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि बुजुर्ग को सांस की दिक्कत होने के कारण जोगीवाला स्थित कैलाश अस्पताल में भर्ती कराया गया था। डॉक्टरों ने उपचार शुरू करने के साथ ही उनका सैंपल कोरोना जांच के लिए भी भेजा था। इस दौरान शनिवार देर रात बुजुर्ग की कोरोना जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी। आनन-फानन में कैलाश अस्पताल प्रबंधन ने मरीज को एंबुलेंस से दून अस्पताल पहुंचाया। लेकिन यहां कुछ ही देर में उपचार के दौरान मरीज की मौत हो गई।
उन्होंने बताया कि मरीज के शव को दून अस्पताल की मोर्चरी में रखा गया है। जिसका कोविड की गाइडलाइन के अनुसार ही अंतिम संस्कार किया जाएगा। शनिवार रात को ही दून अस्पताल में भर्ती एक कोरोना संक्रमित आढ़ती की मौत भी हो गई थी। निरंजनपुर सब्जी मंडी के 48 वर्षीय आढ़ती और उसके छह परिजन की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी। सभी को 26 मई को दून अस्पताल में भर्ती कराया गया था। डिप्टी एमएस डॉ. एनएस खत्री ने बताया कि तबीयत बिगड़ने पर आढ़ती को चार दिन पूर्व आईसीयू में शिफ्ट किया गया था। शनिवार रात उनकी हार्ट अटैक से मौत हो गई। मरीज को उन्हें शुगर, बीपीऔर निमोनिया भी था। शव मोर्चरी में रखवा दिया गया है।
वहीं, परिवार के अन्य सदस्यों को जाखन स्थित एक पेड क्वारंटीन होटल में शिफ्ट किया गया था। इनमें आढ़ती की 42 वर्षीय पत्नी और 14 साल व साढ़े छह साल की बेटियां भी शामिल हैं। मौत की सूचना पर परिजन शव के दर्शन करना चाहते थे, लेकिन गाइडलाइन के मुताबिक उन्हें अनुमति नहीं दी गई। निरंजनपुर सब्जी मंडी में लगातार आढ़तियों, अन्य कर्मचारियों और उनके परिवारों में कोरोना संक्रमण होने के बावजूद मंडी को समय से बंद न करने पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। दबी जुबान में स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी देहरादून में सामुदायिक संक्रमण की आशंका भी जता रहे हैं। फिलहाल डीएम डॉ आशीष श्रीवास्तव के आदेश पर निरंजनपुर सब्जी मंडी को 11 जून तक पाबंद किया जा चुका है।

https://www.edumount.org/



सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440


