समाचार सच, हल्द्वानी। समाज कल्याण विभाग एवं वरिष्ठ नागरिक कल्याण परिषद, उत्तराखंड के तत्वावधान में हल्द्वानी के मिनी स्टेडियम में वरिष्ठ नागरिकों के लिए दो दिवसीय खेल एवं सम्मान कार्यक्रम का शुभारंभ बुधवार को हुआ। कार्यक्रम का उद्घाटन परिषद के अध्यक्ष रामचंद्र गौड़ ने किया।
अपने संबोधन में रामचंद्र गौड़ ने कहा कि वरिष्ठ नागरिकों के लिए इस प्रकार के आयोजन न केवल उनके शारीरिक स्वास्थ्य को सुदृढ़ करते हैं, बल्कि उन्हें सक्रिय जीवनशैली अपनाने के लिए भी प्रेरित करते हैं। उन्होंने बताया कि इस कार्यक्रम का उद्देश्य वरिष्ठ नागरिकों के बीच आपसी समन्वय बढ़ाना और उन्हें समाज में सम्मानजनक स्थान प्रदान करना है।
उपाध्यक्ष वरिष्ठ नागरिक नवीन चंद वर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि वरिष्ठ नागरिक समाज की अमूल्य धरोहर हैं, जिनके अनुभव और मार्गदर्शन से समाज को दिशा मिलती है। उन्होंने कहा कि इस तरह के कार्यक्रम वरिष्ठ नागरिकों के मनोबल को बढ़ाने और उन्हें समाज की मुख्यधारा से जोड़े रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
कार्यक्रम के पहले दिन विभिन्न आयु वर्ग के वरिष्ठ नागरिकों ने पूरे उत्साह के साथ खेल प्रतियोगिताओं में भाग लिया। फुटबॉल, वॉलीबॉल और बैडमिंटन जैसी प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिसमें प्रतिभागियों ने शानदार प्रदर्शन किया। फुटबॉल प्रतियोगिता में हल्द्वानी टीम ने अल्मोड़ा टीम को 9-0 से हराकर एकतरफा जीत दर्ज की। वहीं वॉलीबॉल में हल्द्वानी टीम ने रामनगर को 2-1 से पराजित कर जीत हासिल की।
बैडमिंटन प्रतियोगिता में 70 वर्ष से अधिक आयु वर्ग में हरि मोहन आर्य विजेता रहे, जबकि महिला 60 वर्ष वर्ग में राजश्री तिवारी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। पुरुष 60 वर्ष वर्ग का फाइनल मुकाबला अरविंद पांडे और नवीन चंद पाठक के बीच होना शेष है।
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न वक्ताओं ने वरिष्ठ नागरिकों के लिए संचालित सरकारी योजनाओं की जानकारी दी और अधिक से अधिक लोगों तक इन योजनाओं का लाभ पहुंचाने पर जोर दिया। वक्ताओं ने कहा कि इन योजनाओं के माध्यम से वरिष्ठ नागरिकों को सशक्त और आत्मनिर्भर बनाया जा सकता है।
कार्यक्रम का समापन 30 अप्रैल को सुशीला तिवारी राजकीय मेडिकल कॉलेज प्रेक्षागृह में होगा, जहां विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले वरिष्ठ नागरिकों को मुख्य अतिथि माननीय मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा सम्मानित किया जाएगा।
कार्यक्रम में अनिल कुमार डब्बू (अध्यक्ष मंडी परिषद), शांति भट्ट (सांसद प्रतिनिधि), भुवन भास्कर पांडे (अध्यक्ष, वरिष्ठ नागरिक कल्याण समिति), लीलाधर पांडे (अध्यक्ष, गवर्नमेंट पेंशनर्स वेलफेयर एसोसिएशन), कर्नल वीएस रौतेला (अध्यक्ष पूर्व सैनिक कल्याण), शांति मेहरा, हरक सिंह नेगी के अलावा समाज कल्याण विभाग के निदेशक डॉ संदीप तिवारी, अपर सचिव प्रकाश चंद, संयुक्त निदेशक गर नौटियाल, मुख्य वित्त नियंत्रक जगमोहन सिंह कफोला, उपनिदेशक वासुदेव आर्य, सहायक निदेशक केआर जोशी, आराधना त्रिपाठी (योजना अधिकारी) तथा विभिन्न जिलों से आए वरिष्ठ नागरिक उपस्थित रहे।



सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440



