समाचार सच, हल्द्वानी।
धार्मिक आस्था और श्रद्धा के माहौल में नवयुवक संघ परिवार, बरेली रोड हल्द्वानी द्वारा इस वर्ष श्री गणेश उत्सव 2026 का भव्य आयोजन किया जा रहा है। 14 सितंबर से 19 सितंबर 2026 तक हिमालया फार्म, बरेली रोड, हल्द्वानी में आयोजित होने वाले इस छह दिवसीय धार्मिक महोत्सव को लेकर क्षेत्रवासियों और श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।
नवयुवक संघ के हरीश पुरी एवं रामनिवास गुप्ता ने बताया कि गणेश उत्सव के दौरान प्रतिदिन विभिन्न धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि आयोजन का उद्देश्य क्षेत्र में धार्मिक आस्था, सामाजिक एकता और भाईचारे को मजबूत करना है।
कार्यक्रम के अनुसार सोमवार 14 सितंबर को प्रातः 11 बजे गणपति प्रतिमा की स्थापना की जाएगी। इसके बाद महिलाओं द्वारा संकीर्तन एवं अन्य धार्मिक कार्यक्रम आयोजित होंगे।
मंगलवार 15 सितंबर को रमेश पलड़िया एण्ड ग्रुप द्वारा सायं 7.30 बजे सुंदरकांड पाठ का आयोजन किया जाएगा। वहीं बुधवार 16 सितंबर को सायं 7.30 बजे से प्रिंस म्यूजिकल ग्रुप मुरादाबाद द्वारा भव्य भजन संध्या आयोजित होगी, जिसमें प्रसिद्ध भजन सिंगर वन्दना राही, मेघा पाण्डे द्वारा श्रद्धालुओं को भक्ति रस में सराबोर किया जाएगा।
इसी क्रम में गुरुवार 17 सितंबर को भी डीके राजा एण्ड ग्रुप बरेली द्वारा भजन संध्या होगी, जबकि शुक्रवार 18 सितंबर को सायं 7.30 बजे से विशेष भजन संध्या का आयोजन किया जाएगा। जिसमें कलाकार दिपेश कोहली एण्ड ग्रुप मेरठ द्वारा प्रस्तुतियों से भगवान गणेश की महिमा का गुणगान करेंगे।
उत्सव के समापन दिवस शनिवार 19 सितंबर को प्रातः 9 बजे हवन एवं पूर्णाहुति के साथ आरती होगी। इसके बाद प्रातः 11 बजे मूर्ति विसर्जन शोभायात्रा एवं भंडारे का आयोजन किया जाएगा।
हरीश पुरी और रामनिवास गुप्ता ने क्षेत्रवासियों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर श्री गणेश उत्सव में सहभागिता करने और भगवान गणपति का आशीर्वाद प्राप्त करने की अपील की है। उन्होंने बताया कि उत्सव के दौरान प्रतिदिन सायं 7.30 बजे आरती एवं प्रसाद वितरण तथा रात्रि 10 बजे विशेष प्रसाद वितरण किया जाएगा।
नवयुवक संघ परिवार ने सभी श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे सपरिवार पहुंचकर गणपति बप्पा के चरणों में अपनी श्रद्धा अर्पित करें और इस भव्य धार्मिक आयोजन को सफल बनाएं।

सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440



