समाचार सच, हल्द्वानी। स्वराज हिन्द फौज की यहां लोक निर्माण विभाग के विश्राम गृह में आयोजित बैठक में संस्थापक एवं केन्द्रीय अध्यक्ष सुशील भट्ट ने कहा कि स्वराज हिन्द फौज आरक्षण के खिलाफ अभियान चला कर जनता की लड़ाई लड़ेगी।
बैठक को सम्बोधित करते सुशील भट्ट ने कहा आरक्षण आज भी देश की बड़ी समस्या बनती जा रही है, जिसके चलते काबिल लोगों को देश की मुख्य धारा से पीछे होते जा रहे हैं। विश्व में जितने भी विकसित राष्ट्र हैं वहां काबलियत के आधार पर सभी को समान रूप से अवसर प्रदान किए जाते हैं, लेकिन भारत ही मात्र एक ऐसा देश है, जहां जाति के आधार पर अवसर प्रदान किए जाते हैं फिर चाहे वो नौकरी हो या राजनीति। उनका कहना था कि राजनीतिक दलों में आज योग्य व ईमानदार नेता पीछे हो रहे हैं तथा चापलूस व स्वार्थी लोग आगे बढ़ रहे हैं जो कि लोकतंत्र के लिए एक बहुत बड़ा खतरा है, वे चाहते हैं कि राजनीति में अच्छे व ईमानदार लोग आगे आयें। उन्होंने कहा कि स्वराज हिंद फौज का मूल उद्देश्य भारत वर्ष में वास्तविक स्वराज की स्थापना करना है तथा साथ ही देश की दिशाविहीन लोकतांत्रिक व्यवस्था को दुरूस्त करना है एवं देश की आजादी के लिए शहीद हुए क्रांतिकारियों के सपनों का एक नया भारत बनाना उनके संगठन का मुख्य ध्येय है। सुशील भट्ट ने कहा कि वे आरक्षण के मुद्दे को स्वराज हिंद फौज के मुख्य एजेंडे में शामिल करेंगे व आरक्षण की समाप्ति तक अपना संघर्ष जारी रखेंगे।
बैठक में मुख्य रूप से गिरीश चंद्र लोहनी, सुरेश चन्द्र कपिल, डॉ0 अवधेश तिवारी, कौशलेन्द्र भट्ट, एम0 के0 शर्मा, जाकिर हुसैन, आशा शुक्ला, भारतीय मानवाधिकार परिवार से चम्पा त्रिपाठी व मंजू शाह, गोपाल खनायत, फौजी सुनील भट्ट, करूणा शंकर काण्डपाल समेत कई लोग उपस्थित थे।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440

















