2027 चुनाव का बिगुल! बीजेपी ने बूथ-बूथ तक बिछाया जीत का जाल, कार्यकर्ताओं को मिला बड़ा मिशन

खबर शेयर करें

देहरादून से शुरू हुआ मिशन-2027, हर वोटर तक पहुंचेगी बीजेपी; मतदाता सूची और बूथ मैनेजमेंट पर सबसे बड़ा फोकस

समाचार सच, देहरादून। उत्तराखंड विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने अब चुनावी मोड में पूरी ताकत झोंकनी शुरू कर दी है। देहरादून के कुआंवाला में आयोजित संगठनात्मक बैठक में पार्टी ने साफ संकेत दे दिया कि आगामी चुनाव केवल सरकार की उपलब्धियों के भरोसे नहीं, बल्कि बूथ स्तर पर मजबूत संगठन, सटीक मतदाता सूची और हर समर्थक वोटर तक सीधी पहुंच के दम पर लड़ा जाएगा।

बैठक में राष्ट्रीय महामंत्री तरुण चुग, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट सहित संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद रहे। नेताओं ने कार्यकर्ताओं को स्पष्ट संदेश दिया कि चुनाव जीतने की पहली शर्त बूथ की मजबूती है और हर कार्यकर्ता अपने बूथ को सबसे मजबूत बनाने का संकल्प लेकर मैदान में उतरे।

बैठक के दौरान मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान को चुनावी रणनीति का सबसे अहम हिस्सा बताया गया। कार्यकर्ताओं को निर्देश दिए गए कि कोई भी पात्र मतदाता सूची से बाहर न रहे और घर-घर जाकर लोगों से संपर्क स्थापित किया जाए। इसके लिए संगठन और बीएलओ-2 के बीच बेहतर समन्वय बनाने पर भी विशेष जोर दिया गया।

यह भी पढ़ें -   खड़गे के मंच के ‘शुद्धिकरण’ पर सियासी संग्राम तेज, कांग्रेस ने उठाए सवाल तो BJP ने झाड़ा पल्ला

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने ‘जहां कम, वहां हम’ अभियान को चुनावी सफलता की आधारशिला बताते हुए कहा कि संगठन की सक्रियता ही जीत की सबसे बड़ी ताकत बनेगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से मतदान प्रतिशत बढ़ाने और प्रत्येक समर्थक मतदाता को मतदान केंद्र तक पहुंचाने के लिए पूरी ताकत लगाने का आह्वान किया।

प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा कि पार्टी का उद्देश्य पूरी तरह पारदर्शी और त्रुटिहीन मतदाता सूची सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक प्रक्रिया को मजबूत बनाने के लिए सभी कार्यकर्ता संवैधानिक संस्थाओं के साथ समन्वय बनाकर कार्य करें, ताकि पात्र मतदाताओं का नाम सूची में शामिल हो और अपात्र नाम हटाए जा सकें।

यह भी पढ़ें -   उत्तराखंड में आज फिर बारिश का अलर्ट, 6 जिलों में भारी बारिश की चेतावनी, सड़कें बंद होने से बढ़ी मुश्किलें

बैठक में केंद्रीय टीम के सदस्य एवं पूर्व सांसद जमयांग त्सेरिंग नामग्याल और प्रकाश तंवर ने भी कार्यकर्ताओं को मतदाता सूची पुनरीक्षण, बूथ प्रबंधन और चुनावी तैयारियों से जुड़े विभिन्न पहलुओं की विस्तृत जानकारी दी।

राजनीतिक विश्लेषकों की मानें तो इस बैठक के जरिए बीजेपी ने स्पष्ट कर दिया है कि उत्तराखंड विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियां अब जमीनी स्तर पर शुरू हो चुकी हैं। पार्टी आने वाले महीनों में बूथ संगठन, मतदाता सूची और घर-घर संपर्क अभियान को अपनी सबसे बड़ी चुनावी रणनीति बनाने जा रही है।

ADVERTISEMENTSAd

सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -

👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें

👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें

👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें

हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440