समाचार सच, हल्द्वानी डेस्क।
उत्तराखण्ड मुक्त विश्वविद्यालय के एकादश दीक्षांत समारोह के अवसर पर विश्वविद्यालय की महिला अध्ययन केंद्र की अर्धवार्षिक शोध पत्रिका ‘विदुषी संवाद’ के प्रथम अंक का विमोचन किया गया। बुधवार, 18 नवंबर को विश्वविद्यालय के कुलाधिपति एवं उत्तराखण्ड के राज्यपाल डॉ. ढाल सिंह बिसेन ने पत्रिका का विमोचन किया। इस अवसर पर प्रदेश के उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत सहित समारोह में मौजूद अन्य गणमान्य अतिथि भी उपस्थित रहे।
‘विदुषी संवाद’ एक पीयर-रिव्यूड (समकक्ष-समीक्षित) एवं रेफर्ड शोध पत्रिका है। इसमें महिला केंद्रित विषयों, विशेषकर उत्तराखण्ड की महिलाओं से जुड़े सामाजिक, सांस्कृतिक, शैक्षणिक और समकालीन मुद्दों को अकादमिक दृष्टिकोण से प्रस्तुत किया गया है।
पत्रिका के प्रथम अंक में उत्तराखण्ड की महिलाओं के विविध अनुभवों, योगदान, चुनौतियों और संभावनाओं पर आधारित एक दर्जन से अधिक शोध आलेख प्रकाशित किए गए हैं। इसका उद्देश्य महिला विषयक अध्ययन एवं शोध को एक अकादमिक मंच उपलब्ध कराना और इन विषयों पर सार्थक बौद्धिक विमर्श को प्रोत्साहित करना है।
इस शोध पत्रिका का संपादन उत्तराखण्ड मुक्त विश्वविद्यालय की समाज विज्ञान विद्याशाखा की निदेशक प्रो. रेनू प्रकाश ने किया है। विश्वविद्यालय की ओर से महिला अध्ययन और शोध के क्षेत्र में अकादमिक गतिविधियों को बढ़ावा देने की दिशा में इसे एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।

सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440



