समाचार सच, लालकुआं डेस्क।
उत्तराखंड में आंचल ब्रांड के दूध और दुग्ध उत्पादों का इस्तेमाल करने वाले उपभोक्ताओं को अब अधिक कीमत चुकानी होगी। नैनीताल दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ लिमिटेड ने अपने विभिन्न उत्पादों की संशोधित मूल्य सूची जारी कर दी है। नई दरें 20 नवंबर 2026 से लागू होंगी। दूध, पनीर और क्रीम समेत कई उत्पादों की कीमतों में 2 रुपये से लेकर 50 रुपये तक की बढ़ोतरी की गई है।
दुग्ध संघ के सामान्य प्रबंधक अनुराग शर्मा ने बताया कि संशोधित मूल्य सूची जारी कर दी गई है। नई दरों के अनुसार सबसे अधिक बढ़ोतरी आंचल क्रीम के एक किलोग्राम पैक में की गई है। इसकी कीमत 530 रुपये से बढ़ाकर 580 रुपये कर दी गई है।
दूध की नई कीमतें
आंचल गाय के दूध की कीमत 58 रुपये से बढ़ाकर 60 रुपये प्रति लीटर कर दी गई है। वहीं शक्ति स्टैंडर्ड मिल्क अब 60 रुपये के बजाय 63 रुपये प्रति लीटर और डबल टोंड मिल्क 54 रुपये के बजाय 56 रुपये प्रति लीटर मिलेगा।
इसके अलावा आंचल गोल्ड फुल क्रीम मिल्क के 6 लीटर पैक की कीमत 426 रुपये से बढ़ाकर 450 रुपये और आंचल शक्ति स्टैंडर्ड मिल्क के 6 लीटर पैक की कीमत 355 रुपये से बढ़ाकर 372 रुपये निर्धारित की गई है।
पनीर और क्रीम भी हुए महंगे
आंचल पनीर के 180 ग्राम पैक की कीमत में भी 5 रुपये की बढ़ोतरी की गई है। अब यह पैक 80 रुपये के बजाय 85 रुपये में मिलेगा। वहीं आंचल क्रीम के एक किलो पैक के लिए उपभोक्ताओं को अब 580 रुपये खर्च करने होंगे।
गौरतलब है कि इससे पहले 12 नवंबर 2026 को अमूल, मदर डेयरी सहित अन्य दुग्ध संस्थानों ने भी दूध और दुग्ध उत्पादों की कीमतों में बढ़ोतरी की थी। अब आंचल दुग्ध संघ की ओर से नई दरें जारी किए जाने के बाद 20 नवंबर से उपभोक्ताओं को संशोधित कीमतों पर उत्पाद खरीदने होंगे।
सामान्य प्रबंधक अनुराग शर्मा ने स्पष्ट किया कि 20 नवंबर 2026 से सभी संबंधित उत्पाद नई निर्धारित दरों पर बिक्री के लिए उपलब्ध होंगे।

सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440



