नई कार की खुशियां मातम में बदलीं, नानकमत्ता हाईवे पर दर्दनाक हादसे में शिक्षक और व्यापारी की मौत

खबर शेयर करें

समाचार सच, नानकमत्ता। नई कार खरीदने की खुशी लेकर घर लौट रहे एक शिक्षक और अपने काम से जा रहे एक युवा कारोबारी को शायद यह अंदाजा भी नहीं था कि सफर उनकी जिंदगी का आखिरी सफर साबित होगा। उधम सिंह नगर जिले के नानकमत्ता-दहला रोड हाईवे पर मंगलवार देर रात हुए भीषण सड़क हादसे ने दो परिवारों की खुशियां पलभर में मातम में बदल दीं।

देर रात करीब 10ः30 बजे हाईवे पर दो कारों की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों वाहनों के अगले हिस्से पूरी तरह चकनाचूर हो गए। हादसे की आवाज सुन आसपास के लोग मौके पर पहुंचे तो वहां चीख-पुकार और अफरा-तफरी का माहौल था।

बताया जा रहा है कि चंपावत के ब्लॉक पाटी निवासी संजय पांडे, जो राजकीय इंटर कॉलेज बालातड़ी में एलटी शिक्षक थे, हल्द्वानी से नई कार खरीदकर बेहद उत्साह के साथ अपने घर लौट रहे थे। दूसरी ओर किच्छा निवासी 24 वर्षीय हार्डवेयर कारोबारी दीपांत सिंघल भी अपनी कार से सफर कर रहे थे। लेकिन किस्मत को कुछ और ही मंजूर था। हाईवे पर दोनों कारें आमने-सामने टकरा गईं और देखते ही देखते खुशियों का यह सफर दर्दनाक हादसे में बदल गया।

यह भी पढ़ें -   7 से जय श्रीराम के जयघोष से गूंजेगा हल्द्वानी का रामलीला मैदान, ध्वज स्थापना के साथ 2026 की रामलीला की तैयारियों का हुआ श्रीगणेश

सूचना मिलते ही नानकमत्ता पुलिस और 108 एंबुलेंस मौके पर पहुंची। घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सितारगंज ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों की तमाम कोशिशों के बावजूद दीपांत सिंघल और संजय पांडे को बचाया नहीं जा सका।

यह भी पढ़ें -   नैनीताल जिले में 26 सितंबर को स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्र बंद, मौसम विभाग के रेड अलर्ट के बाद प्रशासन का फैसला

हादसे में घायल मनप्रीत सिंह निवासी किच्छा और चंद्र प्रकाश जोशी निवासी चंपावत का अस्पताल में उपचार चल रहा है। दोनों की हालत गंभीर बताई जा रही है।

घटना के बाद मृतकों के परिवारों में कोहराम मचा हुआ है। नई कार की खुशियां मनाने की तैयारी कर रहा परिवार अब गहरे सदमे में है, वहीं युवा कारोबारी की असमय मौत से किच्छा में भी शोक की लहर है।

पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए खटीमा उपजिला चिकित्सालय भेज दिया है और हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

ADVERTISEMENTSAd Ad Ad

सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -

👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें

👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें

👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें

हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440