हल्द्वानी में कल से सजेगा राष्ट्रीय सरस मेला, 250 स्टॉलों पर दिखेगी देशभर के उत्पादों की झलक

खबर शेयर करें

एमबी इंटर कॉलेज मैदान में 24 नवंबर से 3 दिसंबर तक होगा आयोजन, तैयारियों का सीडीओ ने लिया जायजा; सुरक्षा के लिए तैनात होंगे 20 होमगार्ड जवान

समाचार सच, हल्द्वानी डेस्क। (नीरू भल्ला)
हल्द्वानी के एमबी इंटर कॉलेज मैदान में मंगलवार, 24 नवंबर से राष्ट्रीय सरस मेला 2026-27 का भव्य आगाज होने जा रहा है। 3 दिसंबर तक चलने वाले इस दस दिवसीय मेले में देशभर के स्वयं सहायता समूहों, ग्रामीण महिला उद्यमियों, कारीगरों और स्थानीय उत्पादों को एक बड़ा मंच मिलेगा। मेले में करीब 250 स्टॉल लगाए जाएंगे, जहां लोगों को विभिन्न राज्यों के पारंपरिक उत्पादों, हस्तशिल्प और स्थानीय वस्तुओं को देखने और खरीदने का अवसर मिलेगा।

मेले की तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए सोमवार को मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार पांडे ने एमबी इंटर कॉलेज मैदान पहुंचकर स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने आयोजन स्थल पर व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

सुरक्षा से लेकर पार्किंग तक व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के निर्देश
निरीक्षण के दौरान मुख्य विकास अधिकारी ने मेले में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखने के लिए जिला कमांडेंट होमगार्ड को 20 होमगार्ड जवानों की तैनाती के निर्देश दिए। उन्होंने स्टॉलों की व्यवस्था, पेयजल, शौचालय, विद्युत आपूर्ति, पार्किंग, साफ-सफाई और आगंतुकों के बैठने सहित अन्य मूलभूत सुविधाओं का भी निरीक्षण किया।

यह भी पढ़ें -   गुरु नानक देव जी का 557वां प्रकाश पर्व श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया

सीडीओ ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि मेले से जुड़ी सभी तैयारियां समयबद्ध तरीके से पूरी की जाएं। देशभर से आने वाले स्वयं सहायता समूहों, कारीगरों और उद्यमियों को किसी प्रकार की परेशानी न हो। साथ ही मेले में पहुंचने वाले लोगों के लिए सुगम आवागमन, पर्याप्त पार्किंग और बेहतर सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

ग्रामीण महिलाओं और स्थानीय उत्पादों को मिलेगा राष्ट्रीय मंच
मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार पांडे ने कहा कि राष्ट्रीय सरस मेला ग्रामीण महिलाओं, स्वयं सहायता समूहों और स्थानीय उत्पादों को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने का महत्वपूर्ण अवसर है। इस आयोजन के माध्यम से महिला उद्यमियों को अपने उत्पादों के प्रदर्शन और बिक्री का अवसर मिलेगा। उन्होंने अधिकारियों को मेले को आकर्षक, सुव्यवस्थित और भव्य स्वरूप देने के निर्देश दिए, ताकि अधिक से अधिक लोग इसमें शामिल होकर स्थानीय उत्पादों को प्रोत्साहित कर सकें।

यह भी पढ़ें -   शोध की गुणवत्ता और मौलिकता पर जोर, उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय की चार दिवसीय कार्यशाला संपन्न

निरीक्षण में ये अधिकारी रहे मौजूद
स्थलीय निरीक्षण के दौरान परियोजना निदेशक शिल्पी पंत, सहायक परियोजना अधिकारी चंद्रा फर्त्याल, जिला विकास अधिकारी संतोष पंत, अधिशासी अभियंता जल संस्थान रवि शंकर लोसाली, जिला कृषि अधिकारी संतोषी, जिला खाद्य अधिकारी मनोज कुमार बर्मन सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

अब हल्द्वानी के एमबी इंटर कॉलेज मैदान में दस दिनों तक देशभर के उत्पादों, ग्रामीण हुनर और महिला उद्यमिता की झलक देखने को मिलेगी।

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad

सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -

👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें

👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें

👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें

हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440