घर का इकलौता चिराग बुझा… बहन के घर से लौट रहे 19 वर्षीय छात्र की डंपर की चपेट में दर्दनाक मौत

खबर शेयर करें

समाचार सच, चंपावत। एक परिवार के सपने पलभर में बिखर गए। शनिवार को बहन के घर से लौट रहे 19 वर्षीय कॉलेज छात्र दीपक जोशी की सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई। घर का इकलौता बेटा और माता-पिता की बुढ़ापे की सबसे बड़ी उम्मीद माने जाने वाले दीपक के निधन की खबर जैसे ही गांव पहुंची, पूरे परिवार में कोहराम मच गया।

यह दर्दनाक हादसा शनिवार को चंपावत-टनकपुर मार्ग पर घटकू मंदिर के पास हुआ। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार दीपक स्कूटी से चंपावत लौट रहा था। इसी दौरान सामने से खनन सामग्री लेकर आ रहे एक डंपर से उसकी भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दीपक सड़क पर गिर गया और डंपर के पिछले पहिए की चपेट में आने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

मृतक की पहचान दीपक जोशी (19) पुत्र मुरलीधर जोशी, निवासी मौराडी के रूप में हुई है। वह चंपावत में स्नातक की पढ़ाई कर रहा था। बताया जा रहा है कि वह अपनी बड़ी बहन के घर कांडा सिमल्टा से वापस लौट रहा था, लेकिन किसे पता था कि यह सफर उसकी जिंदगी का आखिरी सफर बन जाएगा।

यह भी पढ़ें -   महंगाई ने छीनी चाय की मिठास, कांग्रेस ने आमजन को फीकी चाय पिलाकर सरकार को दिखाया आईना

दीपक परिवार का इकलौता बेटा था। उसकी दोनों बड़ी बहनों की शादी हो चुकी है। बेटे की असमय मौत ने माता-पिता से उनका एकमात्र सहारा छीन लिया। घटना की सूचना मिलते ही परिजन बदहवास होकर मौके और फिर अस्पताल पहुंचे। गांव में भी शोक की लहर दौड़ गई।

यह भी पढ़ें -   यूकेएसएसएससी ने जारी किया 15 समूह-ग भर्तियों का कैलेंडर, जानिए कब आएंगे विज्ञापन और कब होंगी परीक्षाएं

हादसे की सूचना पर कोतवाल बी.एस. बिष्ट के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।

बताया जा रहा है कि हादसे के बाद डंपर चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने डंपर को कब्जे में लेकर चालक की तलाश शुरू कर दी है। साथ ही दुर्घटना के वास्तविक कारणों की भी जांच की जा रही है।

एसडीएम विपिन चंद्र पंत ने बताया कि हादसे की हर पहलू से जांच कराई जाएगी। यदि किसी स्तर पर लापरवाही सामने आती है तो नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। साथ ही प्रशासन की ओर से पीड़ित परिवार को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा।

ADVERTISEMENTSAd Ad Ad

सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -

👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें

👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें

👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें

हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440