समाचार सच, रामनगर। रामनगर पुलिस ने नरेश हत्याकांड का खुलासा करते हुए बताया कि नरेश की मौत का कारण नरेश द्वारा अभियुक्ता से छेड़छाड़ रही। अभियुक्ता और उसके पति ने मिलकर नरेश को मौत के घाट उतारा और बाइक से शव ले जाकर जंगल में फेंक आए। पकड़े गए अभियुक्तों ने पुलिस के समक्ष नरेश की हत्या कर जंगल में फेंकने की बात स्वीकार की है।
ज्ञात हो कि विगत 14 जुलाई को मालधन क्षेत्र से एक व्यक्ति का शव व पास खड़ी मोटर साइकिल मिली थी। मोटर साइकिल के नं. से उक्त शव की शिनाख्त नरेश पुत्र विजेन्द्र निवासी अफजलगढ़ बिजनौर की रूप में हुई। इस सम्बन्ध में मृतक के भाई राजकुमार ने थाना रामनगर में तहरीर मुकदमा दर्ज कराया और भाई की हत्या का आरोप उसने रेखा मृतक की पत्नी ससुर बहादुर सिंह, जस्सो देवी मृतक की सास, शेरबहादुर, पप्पू, अर्जुन को नामजद किया। जिस पर विवेचना कर रहे प्रभारी निरीक्षक कोतवाली अरुण कुमार सैनी के द्वारा विवेचना में उक्त अभियोग में नामजद किसी भी अभियुक्त का घटना में सम्मिलित होना नहीं पाये जाने पर उपरोक्त सभी 06 अभियुक्तों का नाम विवेचना से पृथक करते हुए अभियोग में अज्ञात अभियुक्तों की तलाश प्रारम्भ कर दी जिसके लिए पतारसी-सुरागरसी भी की गयी तो घटना में श्रीमती बसन्ती देवी और उसके पति गोपाल सिंह के घटना में सम्मिलित होने के तथ्य प्रकाश में आये। जब दोनों संदिग्ध अभियुक्तों बसन्ती देवी तथा गोपाल सिंह को पूछताछ हेतु बुलाया गया तो प्रारम्भ में दोनों अभियुक्तगण घटना में अपनी संलिप्तता से इन्कार करते रहे परन्तु सख्ती से पूछताछ करने एवं उनके विरुद्ध हत्या से संबंधित साक्ष्य प्रस्तुत करने पर पर उन्होने नरेश की हत्या कर उसके शव को कारगिल जंगल में फेंकने की बात स्वीकार की।
अभियुक्तगणों से पूछताछ करने पर उनके द्वारा बताया कि अभियुक्ता बसन्ती देवी निवासी उपरोक्त गोपाल सिंह की दूसरी पत्नी है, बसन्ती देवी ने अपने पहले पति राजेन्द्र थापा की मौत के बाद गोपाल सिंह से दूसरी शादी कर ली थी तथा गोपाल सिंह के साथ कुम्भगडार में रहने लगी। नरेश, बसन्ती देवी की बहन जस्सो देवी पत्नी रण बहादुर निवासी ढेला रामनगर की लड़की रेखा का पहला पति था। रेखा ने 02 साल पहले नरेश को छोड़कर बाजपुर में किसी से दुसरी शादी कर ली थी। रेखा से अलग होने के बाद भी नरेश कभी कभार ढेला व पटरानी आता रहता था। घटना वाले दिन नरेश कच्ची शराब के तीन पाउच लेकर गोपाल सिंह के घर कुम्भगडार आया था, तब गोपाल सिंह घर के पीछे खेत में काम कर रहा था नरेश के आने के थोड़ी देर बात गोपाल सिंह भी घर पर आया और बसन्ती देवी, गोपाल सिंह व नरेश कुमार तीनों ने चुल्हे के पास बैठकर एक साथ शराब पी। शराब पीने के बाद गोपाल सिंह वापस खेत में काम करने चला गया। बसन्ती देवी को अकेला देखकर नरेश ने बदनियती से उसके साथ बदतमीजी की तब बसन्ती देवी ने उसे धक्का दिया तो वह जमीन पर गिर गया, बसन्ती देवी के चिल्लाने की आवाज सुनकर गोपाल सिंह भी वापिस आ गया। फिर गोपाल सिंह व बसन्ती देवी दोनों ने दुपट्टे से नरेश का गला घोंट दिया फिर भी उसकी थोड़ी सांस चल रही थी तो गोपाल सिंह ने गुस्से में हाथ से उसका गला दबा दिया तथा दुपट्टा अपनी झोपड़ी में चारपाई के नीचे बक्से में रख दिया था। नरेश के मरने के बाद गोपाल सिंह वन विभाग चौकी कुम्भगडार के पास खड़ी नरेश की मोटर साइकिल लेकर आया तथा घर के बाहर मोटर साइकिल खड़ी कर दी। फिर दोनों नरेश को अपने आंगन से खींचते हुए मोटर साइकिल तक लाये तथा उसे मोटर साइकिल पर बैठाया। उसके बाद गोपाल सिंह मोटर साइकिल पर आगे बैठा तथा बसन्ती देवी नरेश को पकड़ कर पीछे बैठ गयी फिर गोपाल सिंह नरेश को लेकर मोटर साइकिल चलाकर वन विभाग की चौकी कुम्भगडार होते हुए जंगल के रास्ते से कारगिल की तरफ ले गये तथा नाले के पार उसे कारगिल जाने वाले कच्चे रास्ते पर मोटर साइकिल से उतार कर उबड़-खाबड़ जगह पर रख दिया तथा नरेश की मोटर साइकिल भी उसके पास ही खड़ी कर दी ताकि लोगों को लगे कि ये शराब पीकर लेटा है। नरेश का मोबाइल भी उन्होने वहीं झाड़ियो में फेंक दिया था। उसके बाद दोनों अपने घर कुम्भगडार वापिस आ गये।
अतः अभियुक्तगणों को उक्त अभियोग में गिरफ्तार कर उनकी निशानदेही घटना में प्रयुक्त दुपट्टा भी उनके घर से बरामद कर लिया है। अभियुक्तगणों को न्यायिक अभिरक्षा में भेजा जा रहा है ।
उक्त घटना का सफल अनावरण करने पर श्रीमान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल द्वारा घटना का अनावरण करने वाली टीम को 5000 रुपये के नकद पुरुस्कार की घोषणा की गई है ।
गिरफ्तारी टीम में उ0नि0 अनीस अहमद, कश्मीर सिंह, हे0का0 नन्दन सिंह नेगी, सुभाष चौधरी,
का0 जयवीर सिंह, अशोक कम्बोज, गगन भण्डारी, हेमन्त सिंह, राजेश कुमार, निर्मला चौधरी, अनिल गिरी शामिल थे।



सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440



