
समाचार सच, हल्द्वानी। कैंची धाम के 61वें स्थापना दिवस के अवसर पर सोमवार को पीलीकोटी, बड़ी मुखानी स्थित नरसिंह पैलेस श्रद्धा और भक्ति का केंद्र बन गया। सुबह से ही बड़ी संख्या में श्रद्धालु यहां पहुंचने लगे और देखते ही देखते पूरा परिसर बाबा नीब करौरी महाराज के जयकारों से गुंजायमान हो उठा।
कार्यक्रम के दौरान बाबा नीब करौरी महाराज की विधिवत पूजा-अर्चना की गई। श्रद्धालुओं ने बाबा के चित्र पर पुष्प अर्पित कर सुख, शांति और समृद्धि की कामना की। साथ ही इस दौरान आयोजित संगीतमय सुंदरकाण्ड पाठ व भजन कीर्तन में हजारों भक्तों ने भाग लेकर आध्यात्मिक वातावरण का अनुभव किया।
स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में विशाल भंडारे का भी आयोजन किया गया, जिसमें श्रद्धालुओं को शुद्ध घी से तैयार मालपुए का प्रसाद वितरित किया गया। आयोजकों के अनुसार प्रसाद में उपयोग किया गया घी रामनगर के गेबुआ गांव की गायों के दूध से तैयार किया गया था, जिसकी शुद्धता और स्वाद की भक्तों ने सराहना की।
नरसिंह पैलेस के स्वामी एवं पार्षद मुकेश सिंह बिष्ट ने बाबा की तस्वीर पर पुष्पांजलि अर्पित कर विशेष पूजा की। इस दौरान उनके साथ बड़ी संख्या में श्रद्धालु भी पूजा-अर्चना में शामिल हुए।
मुकेश सिंह बिष्ट ने बताया कि भवाली स्थित कैंची धाम में हर वर्ष उमड़ने वाली भक्तों की अपार आस्था और श्रद्धा से प्रेरित होकर उन्होंने अपने सहयोगियों के साथ हल्द्वानी में भी स्थापना दिवस पर पूजन और भंडारे की परंपरा शुरू की थी, जो निरंतर जारी है।
कार्यक्रम में प्रमोद बिष्ट, दीपक बिष्ट, सागर पांडे, राजू, मोहन सिंह लटवाल, दिनेश चंद्र पंतौला, जगदीश जोशी, कृपाल तिवारी, किशोर जोशी, खीम सिंह बोरा, मनोज पाठक, मोहन भैसोड़ा, गणेश रावत, भुवन चंद्र पांडे सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।



सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440



