गोल्ज्यू मंदिर में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विवाह संस्कार संपन्न, नवदंपतियों को गृहस्थी का सामान और आभूषण भेंट कर दिया आशीर्वाद

समाचार सच, हल्द्वानी डेस्क।
सामाजिक सरोकारों और सेवा भावना की मिसाल पेश करते हुए पुनर्नवा महिला समिति ने सोमवार को हीरानगर स्थित गोल्ज्यू मंदिर परिसर में सामूहिक विवाह समारोह का आयोजन किया। समारोह में निर्धन परिवारों की बेटियों का विवाह पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ संपन्न कराया गया। शहनाई की मधुर धुनों, वैदिक मंत्रोच्चार और खुशियों के माहौल के बीच नवदंपतियों ने एक-दूसरे का हाथ थामकर जीवनभर साथ निभाने का संकल्प लिया।
समिति की ओर से बताया गया कि संस्था वर्ष 2009 से सामूहिक विवाह का आयोजन कर रही है और अब तक करीब 450 बेटियों के हाथ पीले करा चुकी है। इस बार भी समिति ने जरूरतमंद परिवारों की बेटियों के विवाह की जिम्मेदारी उठाते हुए आयोजन को यादगार बनाया।

नवदंपतियों को भेंट किया गृहस्थी का सामान
समिति की ओर से प्रत्येक नवविवाहित जोड़े को वस्त्र, आभूषण और गृहस्थी का आवश्यक सामान भेंट किया गया, ताकि नवदंपति अपने नए जीवन की शुरुआत सम्मान और आत्मविश्वास के साथ कर सकें। पंडित प्रकाश भट्ट एवं उनके सहयोगी पंडितों ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पारंपरिक हिंदू रीति-रिवाजों के अनुसार विवाह संस्कार संपन्न कराए। आयोजन में पंडित पंकज जोशी और उनके सहयोगियों का भी सहयोग रहा।
अतिथियों ने नवदंपतियों को दिया आशीर्वाद
समारोह में हल्द्वानी विधायक सुमित हृदयेश, पूर्व महापौर डॉ. जोगेंद्र रौतेला, पुष्पा मेमोरियल फाउंडेशन के संस्थापक गुंजन तिवारी, कांग्रेस नेता ललित जोशी, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष बेला तोलिया, सुमित्रा प्रसाद, पूर्व ब्लॉक प्रमुख संध्या डालाकोटी, स्वर्ण लाल, कौस्तुभ चंदोला, गौरव अग्रवाल, उषा कुमार, सुनीता जोशी, शशि सिंह, पार्षद शैलेंद्र दानू, सचिन जायसवाल, मीना शर्मा, अनिमेष जीना, कमल ओबेरॉय, कुसुम डिगारी, उर्वशी बोरा, रेनू टंडन, शोभा बिष्ट और विशाल शर्मा सहित अनेक गणमान्य लोग पहुंचे। सभी ने नवदंपतियों को सुखी वैवाहिक जीवन का आशीर्वाद दिया।
अतिथियों ने समिति के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि जरूरतमंद परिवारों की बेटियों के विवाह में सहयोग करना मानवता और सामाजिक एकजुटता की मिसाल है। ऐसे आयोजन समाज में सहयोग, प्रेम और बेटियों के प्रति सम्मान की भावना को मजबूत करते हैं।
‘हर बेटी हमारी बेटी है’, इसी भावना से काम कर रही समिति
समिति की अध्यक्ष लता बोरा, उपाध्यक्ष यशोदा रावत, सचिव शांति जीना, प्रचार सचिव कल्पना रावत, कोषाध्यक्ष जानकी पोखरिया, उप सचिव मंजु बनकोटी तथा सदस्य रेखा रावत, अंजना बोरा, निर्मला बहुगुणा, प्रेमा बृजवासी, कमला रौतेला, कुसुम बोरा और जया बिष्ट ने कहा कि संस्था का उद्देश्य जरूरतमंद परिवारों की बेटियों के विवाह में सहयोग करना है। उनके अनुसार, हर बेटी की मुस्कान ही समिति के लिए सबसे बड़ा पुरस्कार है। उन्होंने आयोजन में सहयोग देने वाले सभी दानदाताओं, सहयोगियों और अतिथियों का आभार जताया तथा भविष्य में भी इसी भावना से सामाजिक कार्य जारी रखने की बात कही।
इन जोड़ों ने थामा एक-दूसरे का हाथ
समारोह में विवाह सूत्र में बंधने वाले जोड़ों में रीता-पियूष, मुस्कान-निशा, दीक्षा-वंश, राजकुमारी-अर्जुन, सीमा-दीपक, शकुन्तला-संजय, हिमानी-प्रेमपाल, माधुरी-शीशपाल, रश्मि-विपिन, विनीता-विशाल, निकिता-विशाल, प्रियांशु-अमन, मंजु-कैलाश, सीमा-रविन्द्र, सबिता-मोहित, पुष्पा-सुरेन्द्र, माया-बलदेव, प्रेमा-विजय, पिंकी-रवि, पूजा-ज्ञानदीप, बहार-सुमित, भावना-रोबिन, करिश्मा-सत्यपाल, मंजू-शनि, कुमकुम-रोहित, भावना-गौतम, लक्ष्मी-नितिन और इन्द्रा-हेम शामिल रहे।
बताया गया कि अधिकांश वधुएं हल्द्वानी क्षेत्र की थीं, जबकि वर दमुवाढूंगा, राजेंद्र नगर, बरेली, स्वार, शाहजहांपुर, बिलासपुर, रुद्रपुर, रामपुर, किच्छा, बहेड़ी, देवलचौड़ और हल्दूचौड़ सहित विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे थे।

सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440



