आम के बाग में पुलिस-बदमाशों के बीच मुठभेड़, पैर में गोली लगने के बाद ढेर हुई फरारी की चाल, कई चर्चित फायरिंग कांडों का आरोपी निकला जितेंद्र चौधरी
समाचार सच, रुद्रपुर। उधम सिंह नगर में सोमवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब पुलिस और वांटेड बदमाशों के बीच आम के बाग में मुठभेड़ हो गई। जवाबी कार्रवाई में लंबे समय से फरार चल रहे कुख्यात आरोपी जितेंद्र चौधरी के पैर में गोली लगी, जिसके बाद पुलिस ने उसे दबोच लिया। मौके से उसके दो साथियों सुमित राठौर और चंदन को भी गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस के अनुसार, जितेंद्र चौधरी जिले में हुई कई चर्चित फायरिंग की घटनाओं में वांटेड था और उसकी तलाश लगातार की जा रही थी। शुरुआती जांच में सामने आया है कि तीनों आरोपी किसी नई आपराधिक वारदात को अंजाम देने की तैयारी में थे।
सोमवार सुबह पुलिस को सूचना मिली कि जितेंद्र चौधरी अपने दो साथियों के साथ रुद्रपुर क्षेत्र में मौजूद है। सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस टीम ने इलाके की घेराबंदी कर दी।
पुलिस ने जैसे ही संदिग्धों को रोकने का प्रयास किया, तीनों खेतों की ओर भाग निकले और आम के बाग में छिप गए। आरोप है कि इसी दौरान बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस ने जवाबी फायरिंग की, जिसमें जितेंद्र चौधरी के पैर में गोली लगी। घायल होने के बाद उसे गिरफ्तार कर अस्पताल भेजा गया, जबकि उसके दोनों साथियों को भी मौके से हिरासत में ले लिया गया।
पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक जितेंद्र चौधरी के खिलाफ कुल 10 आपराधिक मामले दर्ज हैं। इनमें सात मुकदमे उत्तर प्रदेश और तीन उत्तराखंड में दर्ज बताए गए हैं। वह 21 जून को गाबा चौक पर हुई फायरिंग और 30 जून को ट्राले पर हुई फायरिंग की घटना में भी नामजद आरोपी था। दूसरी घटना में पीलीभीत निवासी एक महिला गोली लगने से घायल हुई थी।
मुठभेड़ की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारी और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। घटनास्थल से हथियार, कारतूस और अन्य साक्ष्य कब्जे में लेकर जांच के लिए भेज दिए गए हैं। पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर उनके अन्य साथियों और संभावित आपराधिक नेटवर्क की भी पड़ताल कर रही है।
उधम सिंह नगर के एसएसपी अजय गणपति ने बताया कि पुलिस और वांटेड अपराधी के बीच हुई मुठभेड़ के बाद मुख्य आरोपी को उसके दो साथियों सहित गिरफ्तार कर लिया गया है। उन्होंने कहा कि जिले में अपराध पर प्रभावी नियंत्रण और वांटेड अपराधियों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।



सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440



