समाचार सच, टिहरी।
उत्तराखंड के टिहरी जिले में शुक्रवार देर शाम एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। भद्रकाली-ढालवाला मार्ग पर यात्रियों से भरी बस अचानक बेकाबू होकर सड़क पर पलट गई। हादसे के दौरान सड़क किनारे से गुजर रहे स्कूटी सवार दो लोग बस की चपेट में आ गए। दोनों को गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।
बताया जा रहा है कि बस में करीब 50 से 55 यात्री सवार थे। सभी यात्री दिल्ली के रहने वाले बताए जा रहे हैं और ऋषिकेश-नीलकंठ दर्शन के बाद वापस लौट रहे थे।
जानकारी के मुताबिक शुक्रवार 28 अगस्त की देर शाम ढालवाला के पास बस चालक ने वाहन पर नियंत्रण खो दिया। चालक के अनुसार, अचानक ब्रेक फेल होने के कारण बस बेकाबू हो गई और बीच सड़क पर पलट गई।
इसी दौरान सड़क किनारे से गुजर रहे स्कूटी सवार दो लोग बस की चपेट में आ गए और गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे की सूचना मिलते ही एसडीआरएफ और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और तत्काल रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया। बस में सवार घायलों को भी बाहर निकालकर 108 एंबुलेंस की मदद से सरकारी अस्पताल ऋषिकेश भेजा गया।
हादसे में बस की चपेट में आए दोनों स्कूटी सवारों को गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया था, लेकिन डॉक्टर उन्हें बचा नहीं सके। दोनों की उपचार के दौरान मौत हो गई।
फिलहाल मृतकों की पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस उनकी शिनाख्त कराने का प्रयास कर रही है।
हादसे में बस में सवार कई यात्रियों के भी घायल होने की जानकारी सामने आई है। सभी घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। मौके पर पुलिस बल तैनात है और हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।
चौकी इंचार्ज ढालवाला के अनुसार, दुर्घटनाग्रस्त बस RJ 18 PB 1409 है, जिसकी क्षमता 60 यात्रियों की बताई गई है। चालक ने प्राथमिक पूछताछ में ब्रेक फेल होने की बात बताई है।
पुलिस ने घटना के संबंध में आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। हादसे की विस्तृत जानकारी जांच के बाद ही सामने आ सकेगी।

सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440



