समाचार सच, टिहरी। टिहरी जिले में सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में डंपर चालक समेत एक महिला की मौत हो गई। भद्रकाली तिराहे से आगे एक तेज रफ्तार डंपर अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे खेत में जा गिरा। हादसे के दौरान सड़क किनारे लगे कंक्रीट डिवाइडर टूटकर नीचे झोपड़ी पर जा गिरे, जिसकी चपेट में आने से महिला की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के अनुसार हादसा सुबह उस समय हुआ जब एक डंपर भद्रकाली तिराहे से आगे गुजर रहा था। अचानक वाहन चालक नियंत्रण खो बैठा और डंपर करीब 20 मीटर नीचे खेत में जा गिरा। दुर्घटना के दौरान सड़क पर लगे दो भारी कंक्रीट डिवाइडर भी टूटकर नीचे जा गिरे, जहां झोपड़ी में रह रही महिला उनकी चपेट में आ गई।
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची। रेस्क्यू अभियान चलाकर डिवाइडर के नीचे दबी महिला को बाहर निकाला गया और अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं डंपर चालक को भी पहले ही अस्पताल पहुंचाया गया था, जहां चिकित्सकों ने उसे भी मृत घोषित कर दिया।
पुलिस के मुताबिक मृतकों की पहचान चालक फारुख निवासी बहादरपुर, लक्सर हरिद्वार तथा 42 वर्षीय कौशल्या पत्नी सुरेश निवासी बावड़ी शिवपुरी के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
प्रशासन ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक आशंका वाहन के अनियंत्रित होने की जताई जा रही है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
गौरतलब है कि टिहरी जिले में लगातार सड़क हादसे सामने आ रहे हैं। इससे पहले 23 अप्रैल 2026 को चंबा-कोटी मार्ग पर नैल के पास बोलेरो कैंपर वाहन गहरी खाई में गिर गया था, जिसमें आठ लोगों की मौत हो गई थी, जबकि दो लोगों को सुरक्षित रेस्क्यू किया गया था। लगातार बढ़ रहे हादसों को लेकर स्थानीय लोग सड़क सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग कर रहे हैं।



सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440



