समाचार सच, रुद्रपुर। उधम सिंह नगर के दिनेशपुर क्षेत्र में NH-74 पर शुक्रवार देर रात एक भीषण सड़क हादसे में डॉक्टर की दर्दनाक मौत हो गई। क्लीनिक बंद कर घर लौट रहे डॉक्टर मंटू चंद्र राय की बाइक को तेज रफ्तार ट्राले ने पीछे से टक्कर मार दी। हादसा इतना भयावह था कि ट्राला चालक डॉक्टर को कई सौ मीटर तक घसीटता ले गया, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया।
पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान 46 वर्षीय मंटू चंद्र राय पुत्र विकास चंद्र राय निवासी रतन फार्म नंबर-03, राजनगर शक्ति फार्म, उधम सिंह नगर के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि डॉक्टर मंटू चंद्र राय जाफरपुर के लंबाखेड़ा इलाके में क्लीनिक चलाते थे। देर रात वह क्लीनिक बंद कर बाइक से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान दिनेशपुर कट के पास गदरपुर की ओर से आ रहे तेज रफ्तार ट्राला संख्या UP 25 ET 1658 ने उनकी बाइक को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर इतनी भीषण थी कि डॉक्टर सड़क पर गिर पड़े और ट्राला उन्हें करीब 300 से 400 मीटर तक घसीटता हुआ ले गया। हादसे में शव बुरी तरह क्षत-विक्षत हो गया, जिससे घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। हादसे की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर जमा हो गए।
सूचना पर थाना दिनेशपुर प्रभारी रविंद्र बिष्ट पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। रुद्रपुर कोतवाली पुलिस ने भी घटनास्थल पहुंचकर हाईवे एंबुलेंस की मदद से शव को कब्जे में लिया और पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने हादसे में शामिल ट्राला को कब्जे में ले लिया है, जबकि चालक फरार बताया जा रहा है। उसकी तलाश के लिए आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और स्थानीय लोगों से पूछताछ की जा रही है।
एसएसआई अनिल जोशी ने बताया कि हादसे के बाद हाईवे पर लगे जाम को भी खुलवाया गया। घटना के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश देखने को मिला। लोगों का कहना है कि NH-74 पर तेज रफ्तार और भारी वाहनों की लापरवाही के कारण लगातार हादसे हो रहे हैं। स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से हाईवे पर सख्त ट्रैफिक नियंत्रण, स्पीड मॉनिटरिंग और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और फरार ट्राला चालक की तलाश जारी है।



सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440



