
समाचार सच, चंपावत। जिले में शुक्रवार को एक भीषण सड़क दुर्घटना ने दो परिवारों की खुशियां छीन लीं। लोहाघाट क्षेत्र के बापरू के निकट एक कार अनियंत्रित होकर राष्ट्रीय राजमार्ग से सैकड़ों फीट गहरी खाई में जा गिरी। हादसे के बाद वाहन में आग भड़क उठी, जिससे घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, हल्द्वानी से पिथौरागढ़ जनपद के कनालीछीना क्षेत्र की ओर जा रही कार मरोड़ाखान से आगे बंतोली गांव के समीप दुर्घटनाग्रस्त हो गई। बताया जा रहा है कि वाहन करीब 250 मीटर गहरी खाई में गिरा। दुर्घटना के तुरंत बाद तेज धमाके जैसी आवाज सुनाई दी और कार आग की चपेट में आ गई।
इस हादसे में वाहन चालक राजेंद्र कुमार (48), निवासी डीडीहाट, की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं कार में सवार बलदेव कुमार (36), निवासी कनालीछीना, आग में झुलसने के कारण जान गंवा बैठे।
दुर्घटना में बलदेव कुमार की पत्नी नीतू देवी (36), पुत्री अक्षिता (8) और पुत्र आरव (5) गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव अभियान चलाकर घायलों को खाई से बाहर निकाला।
तीनों घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद उपजिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। फिलहाल दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। प्रशासन ने मामले की विस्तृत पड़ताल शुरू कर दी है।



सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440



