समाचार सच, उत्तरकाशी। जिले के चिन्यालीसौड़ क्षेत्र में शुक्रवार को एक भीषण सड़क दुर्घटना ने पूरे इलाके को झकझोर दिया। खालसी रोड पर राणो की गाड़ के समीप एक कार अचानक अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में एक युवक की जान चली गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार खालसी गांव निवासी 24 वर्षीय सूरज सिंह और 25 वर्षीय सुमन पंवार अपनी कार की धुलाई कराने के बाद मंडरसगाड़ से वापस घर लौट रहे थे। इसी दौरान राणो की गाड़ के पास वाहन चालक का संतुलन बिगड़ गया और कार करीब 200 मीटर नीचे खाई में जा समाई।
दुर्घटना की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंच गए और राहत कार्य शुरू किया। वहीं पुलिस एवं राजस्व विभाग की टीम भी मौके पर पहुंची। खाई की अधिक गहराई और कठिन भूभाग के कारण बचाव अभियान चुनौतीपूर्ण रहा, लेकिन स्थानीय लोगों के सहयोग से घायल सुमन पंवार को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
घायल युवक को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चिन्यालीसौड़ पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसकी स्थिति को फिलहाल स्थिर बताया है। दूसरी ओर सूरज सिंह की दुर्घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
रेस्क्यू टीम ने देर शाम तक अभियान चलाकर मृतक के शव को खाई से निकालने की कार्रवाई शुरू की। प्रशासन के अनुसार आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जाएगा।
तहसीलदार धीरेंद्र कुमांई ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि शुरुआती जांच में वाहन के नियंत्रण खोने के कारण हादसा होने की संभावना सामने आई है। हालांकि दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए विस्तृत जांच की जा रही है।
घटना के बाद क्षेत्र में शोक की लहर है। स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से सड़क सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने की मांग की है। लोगों का कहना है कि खालसी रोड पर क्रैश बैरियर, पैराफिट और अन्य सुरक्षा उपाय लगाए जाएं, ताकि भविष्य में ऐसी दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके।



सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440



