समाचार सच, देहरादून। उत्तराखंड में कोरोना संक्रमण के बढ़ते मामलों के आधार पर पूरा उत्तराखंड ऑरेंज जोन में आ गया है। प्रदेश सरकार ने कोरोना संक्रमित मिलने पर ग्रीन जोन में शामिल सात जिलों को भी ऑरेंज जोन घोषित कर दिया है। इस संबंध में मुख्य सचिव उत्पल कुमार सिंह ने आदेश जारी कर दिए हैं। लॉकडाउन 4.0 शुरू होने से पहले प्रदेश सरकार ने केंद्र सरकार की गाइडलाइन के आधार पर जिलों का जोन तय किया था। उस समय प्रदेश के छह पर्वतीय जिले टिहरी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर, पिथौरागढ़ और चंपावत में कोरोना संक्रमण का एक भी मामला नहीं था। जिससे ये जनपद ग्रीन जोन में ही थे।वहीं, हरिद्वार जिले को रेड जोन से हटा कर ग्रीन जोन में रखा था। जबकि ऊधमसिंहनगर, पौड़ी और उत्तरकाशी जिले को ग्रीन जोन से बाहर कर ऑरेंज जोन घोषित किया गाय था। देहरादून, ऊधमसिंह नगर और अल्मोड़ा जिले ऑरेंज जोन में रखे गए थे।
कोरोना मरीजों की रफ्तार बढ़ने से प्रदेश में संक्रमित मरीज दोगुने होने की दर में भारी कमी आई है। संक्रमण की डबलिंग रेट 4.18 दिन पहुंच गई है। वहीं, सैंपल जांच के आधार पर संक्रमण 1.75 प्रतिशत हो गया। प्रदेश में 73 नए कोरोना संक्रमित मिले हैं। जिस रफ्तार से कोरोना संक्रमण के मामले आ रहे हैं। उस गति से ठीक होने वाले मरीजों की रफ्तार नहीं है। पिछले एक सप्ताह में संक्रमित मरीजों की संख्या तेजी से बढ़ने के कारण डबलिंग रेट में अब तक की सबसे ज्यादा कमी आई है। राष्ट्रीय स्तर पर डबलिंग रेट का औसत 12.92 दिन है। जबकि उत्तराखंड में यह दर 4.18 दिन पर पहुंची गई है।
अपर सचिव युगल किशोर पंत ने बताया कि कोरोना संक्रमित मामले लगातार बढ़ने से डबलिंग रेट में कमी आई है। वहीं, रिकवरी दर भी 18.86 प्रतिशत है। केंद्र सरकार ने संक्रमित मरीज के डिस्चॉर्ज करने के लिए नई गाइडलाइन जारी की है। जिससे आने वाले दिनों में प्रदेश की रिकवरी दर बढ़ेगी।
सरकार ने ग्रीन जोन में शामिल सात जिलों को भी ऑरेंज जोन में शामिल कर दिया। जबकि छह जनपद पहले से ही ऑरेंज जोन में थे। पूरा प्रदेश अब ऑरेंज जोन में आ गया है। मुख्य सचिव उत्पल कुमार सिंह की ओर से जारी आदेश में सभी जिलों के निर्देश दिए गए कि जोन के हिसाब से लॉकडाउन के लिए तय मानकों का पालन करें।



सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440


