समाचार सच, देहरादून। भारतीय जनता पार्टी उत्तराखंड द्वारा आयोजित किए जा रहे प्रदेशव्यापी मंडल प्रशिक्षण वर्गों का उद्घाटन 28 अक्टूबर को प्रदेश अध्यक्ष बंशीधर भगत ,हरिद्वार में और मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत, देहरादून में करेंगे। इन प्रशिक्षण वर्गों जो प्रदेश के सभी 252 मंडलों में होंगे में क़रीब 20 हज़ार कार्यकर्ता प्रशिक्षित किए जाएंगे। दूसरी ओर प्रदेश प्रशिक्षण प्रमुख ज्योति ग़ैरोला ने प्रथम चरण का प्रशिक्षण कार्यक्रम घोषित कर दिया है। यह जानकारी देते हुए भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ देवेंद्र भसीन ने बताया कि भाजपा के पूरे प्रदेश में होने वाले मंडल प्रशिक्षण वर्ग 28 अक्टूबर से प्रारम्भ हो रहे हैं और 12 नवम्बर तक चलेंगे। इनका औपचारिक उद्घाटन 28 अक्टूबर को प्रदेश अध्यक्ष श्री बंशी धर भगत हरिद्वार व मुख्यमंत्री श्री त्रिवेंद्र सिंह रावत देहरादून में करेंगे। श्री भगत द्वारा इस दिन प्रातः 10.30 बजे हरिद्वार विधानसभा क्षेत्र में हरिद्वार मध्य मंडल में उद्घाटन किया जाएगा ।जबकि मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत इसी दिन प्रातः देहरादून में धर्मपुर विधानसभा क्षेत्र में केदारनगर मंडल में प्रशिक्षण वर्ग का उद्घाटन करेंगे। उन्होंने बताया कि प्रदेश प्रशिक्षण प्रमुख ज्योति ग़ैरोला ने प्रशिक्षण के प्रथम चरण जो 28 अक्टूबर से 4 नवम्बर तक चलेगा के 142 मंडलों के प्रशिक्षण कार्यक्रम की घोषणा कर दी है। प्रशिक्षण के दूसरे चरण जो 6 नवम्बर से 12 अक्टूबर तक चलेगा के प्रशिक्षण कार्यक्रम को अंतिम रूप दिया जा रहा है।इस चरण में शेष 110 मंडलों में प्रशिक्षण होगा। इसी के साथ भाजपा प्रदेश अध्यक्ष श्री भगत ने प्रशिक्षण को भारतीय जनता पार्टी की कार्य पद्धति का एक महत्वपूर्ण अंग बताते हुए कहा है कि इनके माध्यम से पार्टी कार्यकर्ताओं को पार्टी की रीति नीति,सिद्धांतों, इतिहास, वैचारिक धरातल तथा केंद्र व प्रदेश की भाजपा सरकारों की उपलब्धियों के बारे में बताया जाएगा। मंडल प्रशिक्षण से पूर्व उत्तराखंड में प्रदेश और जिला स्तरीय प्रशिक्षण पूरे हो चुके हैं। अब ये प्रशिक्षण मंडल स्तर पर होने जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि प्रशिक्षण वर्ग के लिए प्रदेश, जिला व मंडल स्तर पर प्रशिक्षण टोलियां गठित की गई हैं। इसी प्रकार वर्गों में प्रस्तुत किए जाने वाले विषयों के विषय प्रमुख बनाए गए हैं। उन्होंने बताया कि प्रदेश में सभी 252 मंडलों में करीब 20,000 कार्यकर्ता प्रशिक्षित किए जाएंगे यह प्रशिक्षित कार्यकर्ता फिर आगे कार्यकर्ताओं को प्रेरित करेंगे। प्रशिक्षण को लेकर पूरे प्रदेश में कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह है।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440












