समाचार सच, देहरादून (अपराध जगत)। कोतवाली की पुलिस और एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट(एएचटीयू) की संयुक्त टीम ने देह व्यापार मामले में दो व्यक्तियों को गिरफ्तार किया है। साथ ही उनके चंगुल से दो पीड़ित महिलाओं को छुड़ाया। आरोपित सहारनपुर से सेलाकुई में नौकरी दिलाने के बहाने महिलाओं को लाए थे और देह व्यापार के लिए हिमाचल प्रदेश ले जा रहे थे। कोतवाली की पुलिस गुरुवार रात में हरबर्टपुर क्षेत्र में गश्त पर थी। इस दौरान सूचना मिली कि दो व्यक्ति कार से दो महिलाओं को देह व्यापार के इरादे से पांवटा साहिब हिमाचल लेकर जा रहे हैं। इस पर पुलिस और एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग की टीम ने तलाश शुरू कर दी। टीम ने पांवटा रोड हरबर्टपुर स्थित एक ढाबे के पास से कार सवार दो व्यक्तियों को दबोच लिया। आरोपितों ने अपनी पहचान टेक सिंह उर्फ सोनू पुत्र सुरेंद्र सिंह कुशवाहा निवासी पश्चिमी दिल्ली और सूरज सिंह पंवार पुत्र विक्रम सिंह निवासी निकट पाइन वुड सिटी दिल्ली रोड सहारनपुर, उत्तर प्रदेश बताई। कार से पुलिस ने शक्तिवर्धक गोलियां, आपत्तिजनक वस्तुएं बरामद की। पुलिस ने दोनों पीड़ित महिलाओं को उनके चंगुल से मुक्त कराया। कोतवाल राजीव रौथाण ने बताया कि आरोपित दो सितंबर को महिलाओं को जनपद सहारनपुर से सेलाकुई में नौकरी दिलाने का लालच देकर साथ लाए। बादामावाला में महिलाओं को रात में सूरज सिंह द्वारा लिए गए किराये के कमरे में रखा। देह व्यापार कराने के लिए हिमाचल प्रदेश ले जा रहे थे। आरोपित गरीब महिलाओं से देह व्यापार कराकर धन अर्जित करते हैं। आरोपितों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर न्यायालय में पेश किया, जहां से आरोपितों को न्यायिक हिरासत में जिला कारागार सुद्दोवाला भेज दिया गया है।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440












