समाचार सच, हल्द्वानी। नशे के कारोबारियों के खिलाफ पुलिस का शिकंजा दिन- प्रतिदिन कसता ही जा रहा है जिसके चलते पुलिस के हाथ एक बड़ी सफलता लगी है। कार में लादकर लाये जा रहे भारी मात्रा में गांजे के साथ पुलिस ने दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। दोनों ने इस कारोबार से जुड़ी दो बड़ी मछलियों के नाम भी उजागर किये हैं। पुलिस इनकी भी तलाश में जुट गई है। पकड़े गये तस्करों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर जेल के लिए रवाना कर दिया गया है। पुलिस को मुखबिर ने सूचना दी कि नगर में बाहरी प्रदेश से बड़ी मात्रा में गांजे की खेप लाई जाने वाली है। इस सूचना पर कोतवाल संजय कुमार व टीपीनगर चौकी प्रभारी राहुल राठी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने रामपुर रोड में बेलबाबा वन बैरियर के पास कार संख्या यूके 06जी-3816 को जब चौकिंग के लिए रोका तो उसमें गांजे के 39 बंडल बरामद हुए। इस पर कार सवार राजेन्द्र आर्या पुत्र पुत्र बहादुर राम आर्या निवासी आवास विकास जगतपुरा व मनोज कुमार पुत्र स्व. गंगा शरण निवासी आदर्श कॉलोनी घासमण्डी, रुद्रपुर को गिरफ्तार कर लिया गया। बरामद गांजे की मात्रा 54.600 किलो बताई गई है। जिसकी कीमत अन्तर्राष्ट्रीय बाजार में पांच लाख के आस-पास बताई जा रही है। मामले में जानकारी देते हुए एसपी अमित श्रीवास्तव व सीओ शांतनु पारासर ने बताया कि पकड़े गये तस्कर उक्त गांजे को उड़ीसा में मलखानगिरी से गोलू नाम के आदमी से लेकर आये हैं। वह इस कारोबार को लंबे समय से अंजाम दे रहे हैं। दोनों ने पुलिस को यह भी बताया कि वह इस कार्य को रूद्रपुर के भूरारानी में रहने वाले संदीप साहनी व उसके भाई सुरेंद्र साहनी के लिए करते हैं। इसके ऐवज में उन्हें प्रति खेप 40 हजार व रास्ते के अन्य खर्चे दिये जाते हैं। जबकि माल सही सलामत लाने पर दोनों को 25-25 हजार का ईनाम भी दिया जाता है। खेप लाने के लिए रवाना होने से लेकर वापस लौटने तक की समस्त गतिविधियों की जानकारी उनसे दोनों भाई फोन पर लगातार लेते रहते हैं। पुलिस ने इन जानकारियों के आधार पर संदीव व सुरेंद्र की गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए हैं। इसके लिए कई टीमें गठित की गई हैं। जो दोनों के संभावित ठिकानों में दबिश दे रही हैं। दोनों के जल्द पुलिस पकड़ में आने की संभावना है। पुलिस ने पकड़े गये गांजे के तस्करों के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर उन्हें जेल के लिए रवाना कर दिया है। जबकि गांजा तस्करी में प्रयुक्त कार को सीज कर दिया गया है। सफलता प्राप्त करने वाली टीम में उपरोक्त के अलावा एसआई मंगल सिंह नेगी, कांस्टेबल अनिल टम्टा, हेमन्त कुमार, हीरा सिंह बिष्ट, अनिल गिरी शामिल रहे।

सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440


