समाचार सच, रुद्रपुर (उधम सिंह नगर)। उत्तराखंड के रुद्रपुर में पुलिस और एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट की बड़ी कार्रवाई ने सनसनी फैला दी है। शहर के पॉश इलाके गाबा चौक स्थित दो स्पा सेंटरों पर छापेमारी के दौरान एक बड़े देह व्यापार रैकेट का पर्दाफाश हुआ है।
छापेमारी के दौरान सामने आया कि इन स्पा सेंटरों में मसाज के नाम पर जिस्मफरोशी का धंधा संचालित किया जा रहा था। मौके से आपत्तिजनक सामग्री भी बरामद की गई है, जिससे पूरे नेटवर्क की पुष्टि हुई।
पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि कई युवतियों को मिजोरम से नौकरी का झांसा देकर रुद्रपुर लाया गया था। बाद में उन्हें जबरन इस अवैध धंधे में धकेल दिया गया। कार्रवाई के दौरान इन युवतियों को रेस्क्यू कर सुरक्षित स्थान पर भेजा गया है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए मिजोरम पुलिस भी इस ऑपरेशन में शामिल हुई, ताकि इस इंटरस्टेट नेटवर्क की कड़ियों को जोड़ा जा सके।
स्पा सेंटर के संचालकों समेत कई संदिग्धों को हिरासत में लिया गया है। पुलिस लगातार पूछताछ कर रही है और पूरे गिरोह का नेटवर्क खंगालने में जुटी है।
एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट के इंचार्ज मनोहर सिंह दसौनी के नेतृत्व में हुई इस कार्रवाई के बाद पुलिस ने साफ कर दिया है कि जिले में मानव तस्करी और देह व्यापार किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
इस बड़े खुलासे के बाद रुद्रपुर में हड़कंप मच गया है। पुलिस अब इस रैकेट से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी है और जल्द और गिरफ्तारियों की संभावना जताई जा रही है।



सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440



