उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय ने रचा इतिहास—20 दिन में 100% परीक्षा परिणाम जारी, बना नया रिकॉर्ड

खबर शेयर करें

323 परीक्षाफल 15 कार्यदिवस में घोषित, 289 परीक्षकों ने किया मूल्यांकन—डिजिटल और पारदर्शी व्यवस्था का दिखा असर

समाचार सच, हल्द्वानी। उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय ने शैक्षणिक क्षेत्र में एक ऐतिहासिक कीर्तिमान स्थापित करते हुए परीक्षा परिणाम घोषित करने की प्रक्रिया में नया रिकॉर्ड बना दिया है। विश्वविद्यालय ने दिसंबर-2025 सत्र की परीक्षाओं के परिणाम महज 20 दिनों के भीतर और केवल 15 कार्यदिवस में शत-प्रतिशत घोषित कर एक नई मिसाल पेश की है।

विश्वविद्यालय मुख्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में कुलपति प्रो. नवीन चन्द्र लोहनी ने इस उपलब्धि की जानकारी देते हुए बताया कि दिसंबर-2025 सत्र की परीक्षाएं 16 फरवरी 2026 से 11 अप्रैल 2026 तक प्रदेशभर के 76 परीक्षा केंद्रों पर सफलतापूर्वक आयोजित की गईं। कुल 39 परीक्षा दिवसों में संपन्न इन परीक्षाओं के 323 परीक्षाफल 30 अप्रैल 2026 तक घोषित कर दिए गए।

उन्होंने बताया कि विश्वविद्यालय के इतिहास में यह पहली बार है जब इतने कम समय में सभी परीक्षा परिणाम जारी किए गए हैं। इस बड़ी उपलब्धि के पीछे विश्वविद्यालय स्तर पर गठित वरिष्ठ शिक्षकों की विशेष टीम और 289 आंतरिक एवं बाह्य परीक्षकों की मेहनत रही, जिन्होंने समयबद्ध तरीके से केंद्रीय मूल्यांकन कार्य पूरा किया। मूल्यांकन प्रक्रिया में देश के विभिन्न प्रतिष्ठित विश्वविद्यालयों के शिक्षकों ने भी भागीदारी निभाई।

यह भी पढ़ें -   खौफनाक वारदात, पति बना कातिल, काट दिया पत्नी का गला, दहशत

कुलपति ने कहा कि यह सफलता विश्वविद्यालय की पारदर्शी, डिजिटल और शिक्षार्थी-केंद्रित कार्यप्रणाली का परिणाम है। समयबद्ध मूल्यांकन, तकनीकी समन्वय और परीक्षकों की सतत निगरानी के चलते हजारों विद्यार्थियों को समय पर परिणाम मिल सके, जिससे उन्हें प्रवेश, रोजगार और अन्य शैक्षणिक प्रक्रियाओं में लाभ मिलेगा।

प्रेस वार्ता के दौरान कुलपति ने विश्वविद्यालय के आदर्श अध्ययन केंद्र हल्द्वानी में संचालित नवाचारों की भी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि नवप्रवेशित विद्यार्थियों के लिए आयोजित ‘दीक्षारंभ’ कार्यक्रमों को शानदार सफलता मिली है।
17 अप्रैल 2026 को आयोजित पहले कार्यक्रम में 175 शिक्षार्थियों ने भाग लिया, जिनमें 115 ऑफलाइन और 60 ऑनलाइन शामिल रहे। वहीं 26 अप्रैल 2026 को हुए दूसरे कार्यक्रम में करीब 120 शिक्षार्थियों ने सहभागिता की, जिनमें 40 ऑफलाइन और 80 ऑनलाइन प्रतिभागी शामिल थे।

उन्होंने बताया कि ऐसे कार्यक्रम राज्यभर के विभिन्न अध्ययन केंद्रों पर भी आयोजित किए जा रहे हैं, जिनका उद्देश्य छात्रों को विश्वविद्यालय की कार्यप्रणाली, परीक्षा प्रणाली, असाइनमेंट, पुस्तक वितरण और अन्य शैक्षणिक गतिविधियों से परिचित कराना है।

कुलपति ने बताया कि शिक्षार्थियों को बेहतर मार्गदर्शन देने के लिए हल्द्वानी स्थित मॉडल अध्ययन केंद्र में शनिवार और रविवार को विशेष ऑफलाइन परामर्श सत्र संचालित किए जा रहे हैं। जुलाई 2025 सत्र से शुरू इन कक्षाओं में अब तक 1100 से अधिक छात्र भाग ले चुके हैं।
जनवरी 2026 सत्र के लिए ये कक्षाएं 18 अप्रैल से फिर शुरू हो चुकी हैं, जहां विषय विशेषज्ञ नियमित रूप से विद्यार्थियों को मार्गदर्शन दे रहे हैं। इसके साथ ही विश्वविद्यालय द्वारा दूरस्थ क्षेत्रों के छात्रों के लिए निःशुल्क पुस्तक वितरण कार्यक्रम भी चलाया जा रहा है, जिसके तहत हजारों पुस्तकों का वितरण किया जा चुका है।

यह भी पढ़ें -   हल्द्वानी में वरिष्ठ नागरिक सम्मान समारोह बना ऐतिहासिक, सीएम धामी ने बुजुर्गों को बताया राष्ट्र की अमूल्य धरोहर, योजनाओं की झड़ी

विश्वविद्यालय की शैक्षणिक गुणवत्ता को और सुदृढ़ करने के लिए विभिन्न विभागों में 15 अस्थायी शिक्षकों की नियुक्ति की गई है। इसके अलावा 9 प्रोफेसर, 2 एसोसिएट प्रोफेसर और 12 असिस्टेंट प्रोफेसर के स्थायी पदों पर भर्ती प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।
कुलपति प्रो. लोहनी ने कहा कि विश्वविद्यालय को छात्रों और अभिभावकों से लगातार सकारात्मक प्रतिक्रिया मिल रही है। उन्होंने भरोसा जताया कि भविष्य में भी विश्वविद्यालय शिक्षार्थियों के हित में नवाचार और गुणवत्ता आधारित कार्यक्रमों को आगे बढ़ाता रहेगा।
उन्होंने दोहराया कि उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय समयबद्ध परीक्षा प्रणाली, पारदर्शी प्रशासन और छात्र-हितैषी वातावरण उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयासरत है और हाल की यह उपलब्धि उसी दिशा में एक बड़ा कदम है।

Ad AdAd Ad Ad Ad AdAd Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad

सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -

👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें

👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें

👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें

हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440