UOU में ध्वजारोहण के साथ वृक्षारोपण, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और प्रतियोगिताओं ने बांधा समां; पत्रिका व न्यूज लेटर का हुआ विमोचन
समाचार सच, हल्द्वानी। रिपोर्ट- अजय सिंह चौहान
उत्तराखण्ड मुक्त विश्वविद्यालय, हल्द्वानी में देश का 80वां स्वतंत्रता दिवस देशभक्ति, उत्साह और गरिमापूर्ण माहौल में मनाया गया। विश्वविद्यालय परिसर में तिरंगा फहराने से लेकर पर्यावरण संरक्षण, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, प्रतियोगिताओं और सामाजिक जिम्मेदारी की शपथ तक, स्वतंत्रता दिवस समारोह में राष्ट्रप्रेम के साथ जिम्मेदार नागरिक बनने का संदेश भी देखने को मिला।
कार्यक्रम की शुरुआत ध्वजारोहण और राष्ट्रगान से हुई। विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. नवीन चन्द्र लोहनी ने ध्वजारोहण कर विश्वविद्यालय परिवार को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस उन वीर सपूतों को नमन करने का अवसर है, जिन्होंने देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर किया। उन्होंने कहा कि आजादी के साथ हमारे अधिकार ही नहीं, बल्कि राष्ट्र और समाज के प्रति जिम्मेदारियां भी जुड़ी हैं।
कुलपति ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस आत्ममंथन का भी अवसर है। प्रत्येक व्यक्ति को यह विचार करना चाहिए कि वह राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका किस प्रकार निभा सकता है। उन्होंने कहा कि उत्तराखण्ड मुक्त विश्वविद्यालय अपने 21वें वर्ष में प्रवेश कर चुका है और मुक्त एवं दूरस्थ शिक्षा के क्षेत्र में लगातार आगे बढ़ रहा है।
उन्होंने बताया कि विश्वविद्यालय ने विभिन्न अग्रणी संस्थानों के साथ कई समझौता ज्ञापन (MoU) किए हैं। इन सहयोगों के माध्यम से विश्वविद्यालय के शिक्षार्थियों को नए अवसर उपलब्ध कराने और संस्थान को विकास की नई ऊंचाइयों तक ले जाने का प्रयास किया जा रहा है।
स्वतंत्रता दिवस पर लिया हरित परिसर का संकल्प
समारोह के दौरान विश्वविद्यालय परिसर में पर्यावरण संरक्षण और हरित परिसर के संकल्प के साथ वृक्षारोपण अभियान भी चलाया गया। शिक्षकों एवं विश्वविद्यालय परिवार के सदस्यों ने पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
बहुउद्देशीय सभागार में आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम की शुरुआत विश्वविद्यालय के कुलगीत और वंदेमातरम् की प्रस्तुति से हुई। इसके बाद विभिन्न देशभक्ति और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम में रंग भर दिया।
‘वैष्णव जन तो तेने कहिए जे’, निकिता कुतलकोटी की ‘संदेशे आते हैं’, महेश कुमार का झूला गीत और सूरज जोशी की ‘ओ देश मेरे, तेरी शान से बढ़के’ जैसी प्रस्तुतियों ने दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं। योग विभाग के शिक्षार्थियों की विशेष प्रस्तुति भी कार्यक्रम का आकर्षण रही।
‘वंदेमातरम्’ के 150 वर्ष पूरे होने पर भी कार्यक्रम
प्रो. रेनू प्रकाश ने स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए राष्ट्रीय गीत ‘वंदेमातरम्’ के 150 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में विश्वविद्यालय में आयोजित कार्यक्रमों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस अवसर पर तीन चरणों में विभिन्न कार्यक्रम और प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं।
समारोह में विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं और प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया। सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता में सोनम गुलाटी, नीरज सिंह और दिवाकर खोलिया, मेहंदी प्रतियोगिता में प्रियंका आर्य, मीतू और बबली तथा क्विज प्रतियोगिता में हिमांशु पुनेठा, दिग्विजय, सागर उप्रेती, गौरव उपाध्याय, कृतिका त्रिवेदी और मानताशा सहित अन्य प्रतिभागियों को पुरस्कार प्रदान किए गए।
संगीत कार्यक्रम में प्रतिभागी संदीप सिंह सोढ़ी और महेश चन्द्र सहित अन्य प्रतिभागियों तथा योग विभाग के शिक्षार्थियों को भी सम्मानित किया गया।
‘उड़ान’ और न्यूज लेटर का विमोचन
स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान कुलपति प्रो. नवीन चन्द्र लोहनी ने विश्वविद्यालय की पत्रिका ‘उड़ान’ और न्यूज लेटर का विमोचन भी किया। विश्वविद्यालय की गतिविधियों, उपलब्धियों और शैक्षणिक प्रयासों को व्यापक स्तर पर पहुंचाने की दिशा में इसे महत्वपूर्ण पहल बताया गया।
समारोह के दौरान समाज कार्य विभाग की ओर से शपथ ग्रहण कार्यक्रम भी आयोजित किया गया। इसमें प्रतिभागियों ने अपने दायित्वों और सामाजिक उत्तरदायित्व के प्रति प्रतिबद्धता व्यक्त की। कार्यक्रम का संयोजन विभाग की समन्वयक डॉ. नीरजा सिंह ने किया।
समापन अवसर पर डॉ. खेमराज भट्ट ने धन्यवाद ज्ञापित किया। उन्होंने देश-विदेश में रह रहे सभी भारतीयों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए आजादी दिलाने वाले वीरों और देश की स्वतंत्रता की रक्षा करने वाले सैनिकों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की। उन्होंने कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों, विश्वविद्यालय परिवार और सभी प्रतिभागियों का आभार जताया।
समारोह में विश्वविद्यालय के शिक्षक, अधिकारी, कर्मचारी और शिक्षार्थी मौजूद रहे। तिरंगे की शान, देशभक्ति के गीत, हरियाली का संकल्प और सामाजिक जिम्मेदारी की शपथ के साथ उत्तराखण्ड मुक्त विश्वविद्यालय का स्वतंत्रता दिवस समारोह यादगार बन गया।

सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440



