
समाचार सच, लालकुआं। नगर व्यापार मंडल लालकुआं के चुनाव को लेकर व्यापारियों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। रविवार सुबह 8 बजे शुरू हुई मतदान प्रक्रिया शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से जारी है। दोपहर करीब 12 बजे तक 450 से अधिक व्यापारी अपने मताधिकार का प्रयोग कर चुके थे, जबकि कुल 1053 पंजीकृत मतदाता इस चुनाव में मतदान करेंगे।
इस बार व्यापार मंडल के छह महत्वपूर्ण पदों के लिए मुकाबला रोचक बना हुआ है। अध्यक्ष, महामंत्री, कोषाध्यक्ष और संगठन मंत्री पद के लिए दो-दो प्रत्याशी मैदान में हैं, जबकि वरिष्ठ उपाध्यक्ष और उपाध्यक्ष पद के लिए तीन-तीन उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे हैं। विभिन्न पदों पर कांटे की टक्कर होने के चलते चुनाव को लेकर व्यापारिक समुदाय में खासा उत्साह बना हुआ है।
मतदान केंद्र पर सुबह से ही व्यापारियों की आवाजाही बनी हुई है। चुनाव संचालन समिति की ओर से मतदान को निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं। चुनाव प्रक्रिया की निगरानी प्रांतीय उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल उत्तराखंड के प्रदेश चुनाव प्रभारी एवं केंद्रीय पर्यवेक्षक रावेल सिंह आनंद तथा प्रदेश मंत्री एवं पर्यवेक्षक रूपेंद्र नागर की देखरेख में की जा रही है।
मुख्य चुनाव अधिकारी संजीव शर्मा ने बताया कि मतदान निर्धारित समयानुसार जारी है और व्यापारी बढ़-चढ़कर हिस्सा ले रहे हैं। उन्होंने सभी मतदाताओं से दोपहर 3 बजे तक मतदान केंद्र पहुंचकर अपने मताधिकार का प्रयोग करने की अपील की है।
चुनाव अधिकारियों के अनुसार मतदान समाप्त होते ही मतगणना की प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी। देर सायं तक सभी पदों के परिणाम घोषित किए जाने की संभावना है। ऐसे में प्रत्याशियों के साथ-साथ व्यापारियों की नजरें भी चुनाव परिणामों पर टिकी हुई हैं।
चुनाव प्रक्रिया को सफलतापूर्वक संपन्न कराने के लिए मुख्य चुनाव अधिकारी संजीव शर्मा, चुनाव अधिकारी संजय जोशी तथा सहायक चुनाव अधिकारियों रंजीत बोरा, लालचंद सिंह, अरुण जोशी, धीरज संभल, सुभाष नागर, दीप नयाल, ईलमा और राजकुमार सेतिया सहित पूरी टीम लगातार व्यवस्थाओं में जुटी हुई है।
व्यापारिक समुदाय का मानना है कि यह चुनाव संगठन के भविष्य और व्यापारियों के हितों से जुड़ा महत्वपूर्ण चुनाव है। यही वजह है कि बाजार में चुनावी सरगर्मियां पूरे शबाब पर हैं और हर कोई शाम तक आने वाले नतीजों का बेसब्री से इंतजार कर रहा है।



सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440


