समाचार सच, देहरादून। उत्तराखंड में मौसम ने एक बार फिर करवट ले ली है। बीते 24 घंटों के दौरान कई जिलों में तेज बारिश, ओलावृष्टि और ठंडी हवाओं ने लोगों को गर्मी से बड़ी राहत दी। वहीं मौसम विभाग ने शुक्रवार को भी प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना जताते हुए कई जिलों के लिए ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया है। ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की भी संभावना व्यक्त की गई है।
मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून के अनुसार उत्तरकाशी, देहरादून, टिहरी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में कई स्थानों पर तेज बारिश और ओलावृष्टि हो सकती है। इन क्षेत्रों में 50 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज झोंकेदार हवाएं चलने की चेतावनी भी जारी की गई है। वहीं उत्तरकाशी, देहरादून, टिहरी, रुद्रप्रयाग और चमोली जिलों में कहीं-कहीं भारी बारिश की संभावना को देखते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
इसके अलावा राज्य के अन्य जिलों में भी गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश और आकाशीय बिजली गिरने की आशंका जताई गई है। इन इलाकों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं, जिसके चलते येलो अलर्ट जारी किया गया है।
राजधानी देहरादून में दिनभर बादल छाए रहने और कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार शहर का अधिकतम तापमान करीब 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।
मैदानी इलाकों में भीषण गर्मी के बीच मसूरी का मौसम अचानक पूरी तरह बदल गया। देर रात हुई तेज बारिश, ओलावृष्टि और ठंडी हवाओं ने पहाड़ों में ठंडक बढ़ा दी। सुबह के समय पूरा मसूरी शहर घने कोहरे और बादलों की चादर में लिपटा नजर आया। तापमान में आई गिरावट के कारण लोगों को गर्म कपड़े पहनने पड़े।
गर्मी से राहत पाने मसूरी पहुंचे पर्यटक भी मौसम के इस बदले रूप को देखकर हैरान नजर आए। मॉल रोड और पर्यटन स्थलों पर लोग बारिश और कोहरे का आनंद लेते दिखाई दिए। कई पर्यटक कॉफी के साथ ठंडी फिजाओं का लुत्फ उठाते नजर आए, जबकि सोशल मीडिया पर मसूरी के सुहावने मौसम के वीडियो तेजी से वायरल हो रहे हैं।
देहरादून में भी गुरुवार देर रात हुई बारिश से मौसम सुहावना हो गया। लंबे समय से गर्मी और हीटवेव का सामना कर रहे लोगों को ठंडी हवाओं और बारिश से राहत मिली है। मौसम बदलने के बाद शहर के तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई है।



सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440



