समाचार सच, देहरादून। उत्तराखंड में बीते कई दिनों से पड़ रही भीषण गर्मी से लोगों को जल्द राहत मिल सकती है। मौसम विज्ञान केंद्र ने 28 मई को प्रदेश के कई पर्वतीय जिलों में भारी बारिश, आकाशीय बिजली, ओलावृष्टि और तेज हवाओं को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग की चेतावनी को देखते हुए राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र ने सभी जिलाधिकारियों और संबंधित विभागों को सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं।
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार 28 मई को उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में कहीं-कहीं भारी बारिश होने की संभावना है। इन जिलों में गर्जन के साथ आकाशीय बिजली चमकने, ओलावृष्टि और तेज झोंकेदार हवाएं चलने का अनुमान जताया गया है। वहीं प्रदेश के अन्य जिलों में भी मौसम खराब रहने की संभावना को देखते हुए येलो अलर्ट जारी किया गया है।
29 मई को भी मौसम के तेवर तीखे बने रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने उत्तरकाशी, देहरादून, टिहरी, रुद्रप्रयाग और चमोली जिलों में भारी बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इसके अलावा बागेश्वर और पिथौरागढ़ समेत अन्य जिलों में भी गर्जन, बिजली चमकने और तेज हवाएं चलने की आशंका जताई गई है।
30 और 31 मई को भी प्रदेश के अधिकांश जिलों में मौसम खराब रहने का अनुमान है। पर्वतीय क्षेत्रों में गर्जन के साथ बारिश और तेज हवाओं को देखते हुए येलो अलर्ट जारी किया गया है।
भारी बारिश की चेतावनी के मद्देनजर राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र ने जिला प्रशासन को विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए हैं। सभी अधिकारियों और विभागीय नोडल अधिकारियों को हाई अलर्ट पर रहने को कहा गया है। साथ ही एनएच, पीडब्ल्यूडी, पीएमजीएसवाई, बीआरओ समेत संबंधित एजेंसियों को बाधित मार्गों को तत्काल खोलने के निर्देश दिए गए हैं।
प्रशासन ने पर्वतीय क्षेत्रों में ट्रेकिंग गतिविधियों पर विशेष सतर्कता बरतने को कहा है। बारिश के दौरान ट्रेकिंग की अनुमति नहीं देने के निर्देश जारी किए गए हैं। इसके अलावा उच्च हिमालयी क्षेत्रों में पर्यटकों की आवाजाही पर भी निगरानी रखने को कहा गया है।
राज्य आपदा प्रबंधन विभाग ने सभी राजस्व उपनिरीक्षकों, ग्राम विकास अधिकारियों और ग्राम पंचायत अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में मौजूद रहने के निर्देश दिए हैं। वहीं पुलिस चौकियों और थानों को भी आपदा उपकरणों और वायरलेस सिस्टम के साथ अलर्ट मोड पर रखा गया है।
प्रशासन ने अधिकारियों और कर्मचारियों को मोबाइल फोन चालू रखने, आवश्यक सुरक्षा उपकरण साथ रखने और किसी भी आपदा की स्थिति में त्वरित राहत एवं बचाव कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही स्कूलों में छात्रों की सुरक्षा और शहरी क्षेत्रों में नालियों एवं कलवर्टों की सफाई पर भी विशेष ध्यान देने को कहा गया है।



सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440



