समाचार सच, अल्मोड़ा। सीएम धामी आज अल्मोड़ा में मार्निग वॉक के दौरान स्थानीय लोगों में विशेष रूप से युवाओं से मिले। साथ ही उनसे सरकार द्वारा किये जा रहे विकास कार्यों का सही फीडबैक लिया जा सके। मॉर्निंग वॉक के दौरान सीएम ने स्पोर्ट्स स्टेडियम में युवाओं के साथ दौड़ लगाई और बैडमिंटन भी खेला।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी दो दिवसीय अल्मोड़ा दौरे पर हैं। प्रवास के दूसरे दिन आज सीएम मॉर्निंग वॉक पर निकले। सीएम सर्किट हाउस से मॉर्निंग वॉक पर निकलकर हेमवती नंदन बहुगुणा स्टेडियम पहुंचे। जहां उन्होंने युवाओं के साथ बैडमिंटन भी खेला। इसके बाद स्टेडियम से जाने के दौरान रास्ते के स्थानीय लोगों युवाओं से बातचीत की और उनसे सरकार के कार्याे का फीडबैक लिया। सीएम धामी ने अपने मॉर्निंग वॉक की तस्वीरों को सोशल मीडिया में साझा करते हुए कहा कि, आज अपने दो दिवसीय अल्मोड़ा दौरे पर प्रातः काल भ्रमण के दौरान स्पोर्ट्स स्टेडियम में युवाओं के साथ दौड़ लगाई और बैडमिंटन खेला।
सीएम धामी ने युवाओं से कहा कि अच्छा स्वास्थ्य सबसे महत्वपूर्ण है और पढ़ाई के साथ ही फिट रहना भी बहुत जरूरी है। खेल को हमें अपनी आदत में शामिल करना चाहिए। सीएम ने कहा कि हम सभी मिलकर खेलो इंडिया और फिट इंडिया मूवमेंट में पूरी तन्मयता के साथ शामिल होकर खेल के क्षेत्र में भी देश के अग्रणी राज्यों में शुमार होने का संकल्प लें। इस दौरान मुख्यमंत्री ने आम लोगों से भी मुलाकात कर उनका हाल-चाल जाना।
सीएम धामी को अपने बीच पाकर युवा बेहद उत्साहित नजर आए। इससे पूर्व विगत देर रात नगर के मल्ला महल में आजीविका महोत्सव सांस्कृतिक संध्या कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रतिभाग किया. इस अवसर पर उन्होंने दिव्यांग बालिका नेहा के लोकगीत गाने पर 10 हजार रुपये की प्रोत्साहन धनराशि प्रदान की। इस दौरान कार्यक्रम में राजस्थानी लोक कलाकारों की टीम, भातखंडे संगीत महाविधालय के छात्राओं व पांडवास ग्रुप की टीम ने शानदार प्रस्तुति दी।
गौरतलब है कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी जब भी जिलों के दौरों पर जाते हैं और रात्रि विश्राम वहीं करते हैं तो सवेरे मार्निग वॉक पर जरूर जाते हैं। इस दौरान आम लोगों से मिलकर उनका हाल-चाल भी जानते हैं और सरकारी विकास योजनाओं व विकास कार्यों के बारे में फीडबैक भी लेते हैं।



सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440



