समाचार सच, लालकुआं। कोतवाली लालकुआं क्षेत्र में एक दर्दनाक हादसे में 30 वर्षीय महिला की तीसरी मंजिल से गिरकर मौत हो गई। बताया जा रहा है कि महिला अपने बच्चे को आवाज देने के लिए बालकनी से झुकी थी, तभी अचानक उसका संतुलन बिगड़ गया और वह नीचे गिर गई। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार, नैनीताल जिले के हल्दूचौड़ क्षेत्र स्थित बमेटा बंगर खीमा के हनुमान मंदिर रोड पर तारा कॉम्प्लेक्स की तीसरी मंजिल में रह रही मुन्नी देवी अपने बच्चे को बुला रही थीं। इसी दौरान वह असंतुलित होकर सीधे नीचे सड़क पर गिर गईं। गंभीर रूप से घायल अवस्था में उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पुलिस के मुताबिक, मुन्नी देवी के पति जीवन कुमार मूल रूप से अल्मोड़ा जिले के गौना गांव के निवासी हैं और पिछले तीन वर्षों से परिवार सहित हल्दूचौड़ में किराए पर रह रहे थे। घटना सोमवार शाम की है, जब उनका बेटा नीचे सीढ़ियों के पास खेल रहा था। बच्चे को बुलाने के दौरान ही यह हादसा हो गया।
महिला के गिरते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास के लोग और स्थानीय व्यापारी तुरंत सहायता के लिए पहुंचे और घायल महिला को निजी वाहन से हल्द्वानी के सुशीला तिवारी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना के समय महिला का पति ड्यूटी पर था। हादसे की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। पुलिस ने शव का पोस्टमॉर्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया, जिसके बाद परिवार अंतिम संस्कार के लिए शव को अपने पैतृक गांव अल्मोड़ा ले गया।



सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440



