जिला महिला अस्पताल में प्रसव के दौरान महिला की मौत, नवजात गंभीर हालत में हायर सेंटर रेफर

खबर शेयर करें

समाचार सच, पिथौरागढ़। सीमांत जिले के जिला महिला अस्पताल में प्रसव के लिए भर्ती एक गर्भवती महिला की इलाज के दौरान मौत हो गई। चिकित्सकों के अनुसार प्रसव के दौरान अत्यधिक रक्तस्राव होने से महिला की जान चली गई। वहीं नवजात शिशु की हालत भी नाजुक बनी हुई है, जिसे हायर सेंटर रेफर किया गया है।

पिथौरागढ़ नगर से सटे किरीगांव (ऐचोली) निवासी 29 वर्षीय कमला बिष्ट पत्नी पंकज बिष्ट को सोमवार देर रात प्रसव पीड़ा शुरू हुई। परिजन उन्हें तत्काल जिला महिला अस्पताल लेकर पहुंचे। अस्पताल में महिला ने सामान्य प्रसव के दौरान एक पुत्र को जन्म दिया, लेकिन प्रसव के बाद अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई।

अस्पताल प्रबंधन के अनुसार स्थिति गंभीर होने पर महिला का तत्काल ऑपरेशन किया गया। जान बचाने के लिए बच्चेदानी भी निकालनी पड़ी, बावजूद इसके कुछ घंटों बाद महिला ने दम तोड़ दिया। इस दुखद घटना से अस्पताल परिसर में परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।

महिला की मौत के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों में स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर आक्रोश है। लोगों ने जिला महिला अस्पताल की व्यवस्थाओं पर सवाल खड़े किए हैं। एक खुशहाल परिवार की खुशियां अचानक मातम में बदल गईं।

ग्रामीणों के अनुसार कमला दूसरी बार मां बनी थी। तीन साल पहले उन्होंने सिजेरियन ऑपरेशन से एक बेटी को जन्म दिया था। इस बार सामान्य प्रसव कराया गया। कमला के पति भारतीय सेना में कार्यरत हैं और वर्तमान में तैनाती पर हैं।

अस्पताल प्रबंधन का कहना है कि सामान्य प्रसव के दौरान नवजात की सांस अटक गई थी, जिसके चलते उसकी हालत गंभीर हो गई। प्राथमिक उपचार के बाद नवजात को अल्मोड़ा मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। परिजन बच्चे को लेकर अल्मोड़ा रवाना हो गए, जबकि मां हमेशा के लिए दुनिया से विदा हो गई।

यह भी पढ़ें -   हल्द्वानी: एक पल में उजड़ गईं चार जिंदगी… फ्लाईओवर पर मौत का ऐसा मंजर कि बहन बोली- साहब, मेरे भाई को जिंदा कर दो, स्कॉर्पियो में स्कूल संचालक भी था सवार

इस घटना में तीन साल की मासूम बेटी के सिर से मां का साया उठ गया है। बच्ची को यह भी अंदाजा नहीं था कि अस्पताल जाते समय मां से यह उसकी आखिरी मुलाकात होगी।

जिला महिला अस्पताल की पीएमएस डॉ. भागीरथी गर्ब्याल ने बताया कि महिला का पहला प्रसव सिजेरियन से हुआ था। इस बार परिजनों के आग्रह पर सामान्य प्रसव कराया गया। अत्यधिक रक्तस्राव के कारण महिला की हालत बिगड़ गई। उसे बचाने के लिए हरसंभव प्रयास किए गए, लेकिन सफलता नहीं मिल सकी।

Ad AdAd Ad Ad Ad AdAd Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad

सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -

👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें

👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें

👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें

हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440